Kanpur News: आईजीआरएस मामलों की समीक्षा में डीएम की सख्ती, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
Kanpur News: जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को सितंबर माह के आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में सामने आए आंकड़े और शिकायतकर्ताओं की असंतुष्टि पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही उजागर
समीक्षा में सामने आया कि कई विभागों में शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक ही सीमित है। बिना मौके पर गए रिपोर्ट लगा दी गई, न ही शिकायतकर्ताओं से संपर्क किया गया।
-
1 से 8 सितंबर तक नगर निगम कानपुर में कुल 1086 फीडबैक आए, जिनमें 563 असंतुष्ट पाए गए। इनमें से 491 मामलों में कोई मौके पर नहीं गया और 360 शिकायतकर्ताओं से फोन पर भी संपर्क नहीं हुआ।
-
विद्युत विभाग के 345 प्रकरणों में 153 असंतुष्ट फीडबैक मिले।
-
जलकर विभाग के 343 प्रकरणों में 122 शिकायतकर्ताओं ने असंतोष जताया।
-
जल निगम (ग्रामीण) के 108 मामलों में 64 असंतुष्ट पाए गए।
-
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के 71 प्रकरणों में से 61 पर शिकायतकर्ता असंतुष्ट रहे।
डीएम ने दिए कड़े निर्देश
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि –
-
प्रत्येक प्रकरण का भौतिक सत्यापन अनिवार्य होगा।
-
रिपोर्ट के साथ जीपीएस युक्त तस्वीर लगाना जरूरी है।
-
शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर प्रगति की जानकारी देना और उन्हें संतुष्ट करना अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
-
आईजीआरएस रिपोर्ट किसी भी हालत में निचले स्तर के कार्मिक पर न छोड़ी जाए।
डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर शिकायतों का समाधान शासन की मंशानुरूप नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
Also Read: Azamgarh News: 21 साल बाद मिला इंसाफ, अजीत राय हत्याकांड के सभी आरोपियों को उम्रकैद

