Kanpur News: रामलीला मंच पर BJP नेता की दबंगई, नशे में पिस्टल तानकर दी जान से मारने की धमकी – VIDEO वायरल
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता की दबंगई का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। मामला थाना सचेंडी क्षेत्र के भौंती गांव का है, जहां रामलीला कार्यक्रम के दौरान बीजेपी युवा मोर्चा के ग्रामीण मंडल मंत्री अमितेश शुक्ला ने नशे की हालत में हंगामा कर दिया।
पिस्टल कमेटी के एक सदस्य पर तान दी
जानकारी के मुताबिक, अमितेश शुक्ला कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने मंचन के बीच रुपये लुटाने शुरू किए, जिस पर आयोजकों ने आपत्ति जताई। विरोध होते ही नेता आगबबूला हो गए और अपनी कमर में रखी पिस्टल निकालकर कमेटी के एक सदस्य पर तान दी।
गुस्से में बीजेपी नेता ने धमकी दी – “गोली मारूंगा तो कोई बचा नहीं पाएगा।” इस घटना का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
रामलीला मैदान में दहशत का माहौल बन गया
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और देर रात अमितेश शुक्ला के घर दबिश दी। जांच के दौरान पिस्टल बरामद कर ली गई और आरोपी नेता को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ जारी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद रामलीला मैदान में दहशत का माहौल बन गया।
Also Read: बरेली जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने सीमा पर रोका, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे हाउस अरेस्ट

