Kanpur News: कानपुर के चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे गिरफ्तार, ऑपरेशन महाकाल के दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई
Kanpur News: कानपुर में भूमाफियाओं और वसूलीबाजों के खिलाफ शुरू हुए ऑपरेशन महाकाल के दूसरे ही दिन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे को गिरफ्तार कर लिया। उन पर भाजपा नेता रवि सतीजा को झूठे मुकदमे में फंसाकर 50 लाख रुपये की वसूली का प्रयास करने का आरोप है। इस मामले में दुबे के तीन साथियों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
महिला से समझौता कराने की एवज में 50 लाख रुपये की मांग की
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में पहले ही दिन आम जनता से ऐसे लोगों की जानकारी मांगी गई थी, जो गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं या उन्हें झूठे मुकदमों में फंसा कर वसूली कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि रवि सतीजा पर पिछले वर्ष एक महिला द्वारा छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कराया गया था, जो बाद में झूठा साबित हुआ। जांच में सामने आया कि अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उनके सहयोगी लवी मिश्रा ने इसी मुकदमे के आधार पर महिला से समझौता कराने की एवज में 50 लाख रुपये की मांग की थी।
जमीन कब्जाने और अन्य संगीन मामलों में भी जांच शुरू
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि अखिलेश दुबे के खिलाफ जबरन जमीन कब्जाने और अन्य संगीन मामलों में भी जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद और भी धाराएं बढ़ सकती हैं।
क्या है ऑपरेशन महाकाल?
यह विशेष अभियान उन लोगों के खिलाफ है जो समाज में डर का माहौल बनाकर गरीबों की संपत्ति हड़पने या झूठे मुकदमे दर्ज कराने जैसे अपराध कर रहे हैं। खास बात यह है कि अब कार्रवाई आम जनता की शिकायतों के आधार पर होगी, चाहे आरोपी कोई भी हो – पत्रकार, वकील या सरकारी कर्मचारी।
Also Read: रेप केस में RCB के गेंदबाज यश दयाल जाएंगे जेल! हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक से किया इनकार

