Kanpur News: भाई के तानों से तंग आकर मां, पत्नी संग मिलकर किया हत्या का खेल – आरोपी भाई ने कबूला जुर्म
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में 22 सितंबर को बोरे में बंधा अधजला शव मिलने की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। पुलिस ने बुधवार को इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक मानस पाल की हत्या उसके ही बड़े भाई प्रांजल ने अपनी मां मंजू देवी और पत्नी किरन के साथ मिलकर की थी।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि आरोपी प्रांजल ने पूछताछ में कबूल किया कि उसका छोटा भाई मानस अक्सर उसे अंतरजातीय शादी को लेकर ताने मारता था। इसी रंजिश में उसने मां और पत्नी के साथ मिलकर पहले उसे चारपाई पर बांधा और फिर गला दबाकर मार डाला। इसके बाद शव को जलाने की कोशिश की गई, लेकिन धुआं और बदबू उठने पर आग बुझा दी गई। बाद में शव को बोरे में भरकर गांव के बाहर फेंक दिया गया।
चार महीने पहले बड़े भाई प्रांजल ने बकेवर निवासी किरन निषाद से लव मैरिज की थी
शव की पहचान फतेहपुर के जलालपुर न्यूरी गांव निवासी प्रधान ने सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखकर की। इसके बाद मृतक के पिता रामचंद्र पाल, जो उस समय मुंबई में नौकरी कर रहे थे, कानपुर आए और शव की शिनाख्त अपने बेटे मानस के रूप में की।
जानकारी के मुताबिक मानस ट्रक चालक था और नशे का आदी भी। चार महीने पहले बड़े भाई प्रांजल ने बकेवर निवासी किरन निषाद से लव मैरिज की थी, जिसका मानस विरोध करता था। इसी वजह से दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
सबसे पहले मां मंजू देवी ने ही उसका गला दबाया
पुलिस के अनुसार घटना की रात मानस नशे की हालत में घर आया था। सबसे पहले मां मंजू देवी ने ही उसका गला दबाया। फिर प्रांजल ने दोबारा गला दबाकर उसकी मौत पक्की कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए तीनों ने योजना बनाई और आखिरकार उसे बोरे में भरकर ठिकाने लगाने निकल पड़े। सीसीटीवी फुटेज में मां और बेटा शव से भरा बोरा ऑटो में ले जाते हुए भी कैद हुए।
रामचंद्र पाल ने अपनी पत्नी, बेटे और बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

