Kanpur News: पहली शिफ्ट की दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द, अभ्यर्थियों ने काटा बवाल

Kanpur News: कानपुर में मंगलवार को दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। सर्वर फॉल्ट के चलते सुबह पहली शिफ्ट की परीक्षा रद्द कर दी गई। परीक्षा रद्द होने की सूचना समय पर न मिलने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की गई। छात्रों ने सर्वर रूम में घुसकर कंप्यूटर, कांच, दरवाजे, कुर्सियां और इलेक्ट्रिक वायर तोड़ दिए।

गेट न खुलने से भड़के अभ्यर्थी

नाराज छात्रों ने बताया कि पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9 बजे से होनी थी और एंट्री का समय सुबह 8 बजकर 45 मिनट तय था। तय समय बीत जाने के बाद भी कॉलेज का मेन गेट नहीं खोला गया। बाहर खड़े सैकड़ों छात्र-छात्राएं इससे नाराज हो गए और हंगामा शुरू हो गया। कॉलेज प्रबंधन ने सर्वर में खराबी का हवाला देते हुए छात्रों से इंतजार करने को कहा।

छात्रों का कहना है कि धीरे-धीरे यह खबर फैलने लगी कि परीक्षा नहीं होगी। सुबह करीब साढ़े दस बजे तक न तो कोई लिखित सूचना चस्पा की गई और न ही परीक्षा रद्द होने को लेकर स्पष्ट जानकारी दी गई। इससे छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। रोहित तिवारी ने बताया कि कॉलेज की लैब में सीपीयू ऑन थे और कहीं भी बिजली की समस्या नजर नहीं आ रही थी। ऐसे में परीक्षा में धांधली की आशंका जताई गई।

मेन गेट तोड़कर सर्वर रूम में घुसे छात्र

महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित एमजीए कॉलेज में सैकड़ों छात्र मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गए। छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए सर्वर रूम का गेट भी तोड़ दिया। इस दौरान कई कंप्यूटर सिस्टम खराब हो गए और भारी नुकसान हुआ। हालात बिगड़ते देख सर्वर ठप हो गया और बिजली काटनी पड़ी।

हंगामे की सूचना मिलते ही नरवल एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा और एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया और स्थिति पर नियंत्रण पाया।

छात्रों को फ्री बस से भेजा गया दूसरे सेंटर

एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने परीक्षा आयोजित कराने वाली ईडिकुटी संस्था के सिटी हेड शुभम दीक्षित से बातचीत की। शुभम दीक्षित ने बताया कि तकनीकी फॉल्ट के कारण एमजीए कॉलेज में परीक्षा नहीं हो सकी और पहली शिफ्ट की परीक्षा को एसएससी द्वारा निरस्त कर दिया गया है। इसकी सूचना वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है और शाम तक परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड दोबारा जारी किए जाएंगे, जिनमें नई तारीख और नया एग्जाम सेंटर दिया जाएगा।

दूसरी और तीसरी शिफ्ट की परीक्षा यशोदा नगर स्थित बीएनएस कॉलेज में शिफ्ट कर दी गई। एमजीए कॉलेज पहुंचे छात्रों को सिटी बस के जरिए मुफ्त में बीएनएस कॉलेज भेजा गया ताकि उनकी परीक्षा बाधित न हो।

नई तारीख जल्द घोषित करने की मांग

एमजीए कॉलेज में दूर दराज से पहुंचे हजारों छात्रों को मायूस होकर लौटना पड़ा। अभ्यर्थियों का कहना है कि समय पर सूचना न मिलने और अव्यवस्थाओं के कारण यह स्थिति पैदा हुई। घटना के बाद परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं और तकनीकी तैयारी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

छात्रों ने मांग की है कि रद्द हुई परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी अव्यवस्था न हो, इसके लिए ठोस इंतजाम किए जाएं ताकि परीक्षार्थियों को मानसिक और आर्थिक नुकसान न झेलना पड़े।

छात्रों के आरोपों ने बढ़ाई चिंता

धर्मेंद्र अग्निहोत्री ने बताया कि वह फर्रुखाबाद से अपने रिश्तेदार को परीक्षा दिलाने लाए थे। सुबह गेट नहीं खुला तो इलेक्ट्रिक फॉल्ट की बात कही गई, लेकिन जब छात्र जबरन अंदर घुसे तो कई लैब में सिस्टम चलते मिले और लाइटें भी जल रही थीं। इससे शक पैदा हुआ कि अंदर पहले से परीक्षा कराई जा रही है।

कानपुर के पीयूष सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक सभी छात्र गेट के बाहर खड़े रहे। हंगामा करने पर इलेक्ट्रिक फॉल्ट की बात कही गई, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। कॉलेज प्रबंधन ने नोटिस लगाने की बात कही, लेकिन दो घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सूचना चस्पा नहीं की गई, जिससे छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया।

 

Also Read: ‘मेरा निकाह करा दो…’, लखनऊ में टावर पर चढ़कर सिरफिरे ‘मजनू’ ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.