Kanpur News: एचडीएफसी बैंक के सीईओ समेत आठ डायरेक्टरों पर धोखाधड़ी का केस
Kanpur News: हरियाणा गुरुग्राम स्थित एचडीएफसी हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन बैंक (HDFC) के सीईओ, ब्रांच मैनेजर समेत आठ डायरेक्टरों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। यह कार्रवाई सेन पश्चिम पारा थाने में पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद की गई।
मौत पर पूरा लोन माफ हो जाएगा
मूलरूप से सेन पश्चिम पारा, गोपाल नगर, यशोदानगर निवासी शिवप्रसाद उत्तम ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में उनकी बेटी शशि उत्तम ने गुरुग्राम के सोहना स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली, सेक्टर-32/33 में फ्लैट खरीदा था। इस पर एचडीएफसी बैंक ने 35 लाख रुपये का लोन दिया था। आरोप है कि ब्रांच मैनेजर भावना भार्गव व बैंक के शीर्ष अधिकारी—सीईओ अनुज त्यागी, सीएफओ समीर एक शाह, एक्जिक्यूटिव चेयरमैन केकी एम. मिस्त्री, डायरेक्टर मेहर नोश बी. कपाडिया, अमित पी. हरियाणी, विनय संघी और रेणु सूद—ने बेटी को यह कहकर लोन दिलाया कि बैंक का प्रावधान है: लोनधारक की अचानक मौत पर पूरा लोन माफ हो जाएगा।
वे कुछ नहीं कर सकते
10 फरवरी 2025 को शशि की अचानक सीने में दर्द से मौत हो गई। पिता ने आवश्यक कागजात बैंक को नोएडा स्थित दफ्तर में जमा कराए, जहां अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शेष लोन कंपनी चुकाएगी। लेकिन कुछ दिनों बाद मोबाइल पर क्लेम रिजेक्ट होने का संदेश आया। नोएडा कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों ने कहा कि निर्णय मुंबई मुख्यालय से हुआ है, वे कुछ नहीं कर सकते।
क्षेत्रीय थाने को भेजा जाएगा
शिवप्रसाद का आरोप है कि विरोध करने पर अधिकारियों ने गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास भी किया। पुलिस ने पहले यह कहकर मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया कि घटना नोएडा व गुरुग्राम की है। बाद में न्यायालय के आदेश पर सेन पश्चिम पारा थाने में केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि जांच के बाद मामला संबंधित क्षेत्रीय थाने को भेजा जाएगा।
Also Read: Hapur News: 50 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

