Kanpur News: जाजमऊ में घाट का भव्य सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण
Kanpur News: जाजमऊ क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक सिद्धनाथ घाट का नगर निगम द्वारा पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य सोमवार को उद्घाटित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना और महापौर प्रमिला पांडेय ने संयुक्त रूप से नवनिर्मित घाट का लोकार्पण किया।
घाट के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य को नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की स्वीकृति और नगर निगम कानपुर के प्रयासों से सम्पन्न कराया गया। यह परियोजना न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराएगी, बल्कि कानपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में भी सहायक होगी।

परियोजना का विवरण
- स्वीकृत लागत: ₹1042.15 लाख
- कार्य आवंटन (ई-निविदा): ₹809.55 लाख (GST और लेबर सेस सहित)
- प्राप्त धनराशि: ₹526.29 लाख

प्रमुख कार्य
- पक्के घाटों का पुनर्निर्माण
- स्नान के लिए सीढ़ियों का जीर्णोद्धार
- श्रद्धालुओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था
- प्रकाश, पेयजल और शौचालय सुविधाओं का निर्माण
- पर्यावरण-अनुकूल लैंडस्केपिंग और वृक्षारोपण
- शव यात्रा और नौकाविहार के लिए पृथक मार्ग की व्यवस्था

नगर निगम की पहल की सराहना की
वहीं सतीश महाना ने कहा कि पिछले वर्ष निर्मित सिद्धनाथ कॉरिडोर और इस वर्ष सम्पन्न सौंदर्यीकरण कार्य से यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस दौरान उद्घाटन कार्यक्रम में नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, सहायक अभियंता, पार्षदगण, ग्रीन रिवोल्यूशन फाउंडेशन के प्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्मित घाट का अवलोकन किया और नगर निगम की पहल की सराहना की।
नगर निगम ने संकल्प लिया है कि कानपुर के अन्य ऐतिहासिक घाटों और धार्मिक स्थलों का भी चरणबद्ध जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, ताकि नगरवासियों और पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
Also Read: Ayodhya News: एयरपोर्ट पर महिला स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष व्याख्यान

