Kanpur News: ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी को तीन रणजी ट्रॉफी मैचों की मेजबानी, 15 अक्टूबर से होगी शुरुआत

Kanpur News: भारत-ऑस्ट्रेलिया ए सीरीज की मेजबानी के बाद अब ग्रीन पार्क स्टेडियम रणजी ट्रॉफी के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम इस सत्र में अपने तीन घरेलू मुकाबले इसी ऐतिहासिक मैदान पर खेलेगी। देश की सबसे प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिता, रणजी ट्रॉफी, 15 अक्टूबर से शुरू हो रही है और इसी दिन यूपी टीम अपने अभियान की शुरुआत आंध्र प्रदेश के खिलाफ ग्रीन पार्क पर करेगी।

इसके बाद यूपी टीम 25 अक्टूबर को उड़ीसा और 8 नवम्बर को नागालैंड के खिलाफ यहीं मुकाबला खेलेगी। पिछले सीजन में नॉकआउट चरण से पहले बाहर हुई यूपी टीम इस बार नए कोच के मार्गदर्शन में उतर रही है। पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यूपीसीए ने टीम को नई दिशा देने की तैयारी कर ली है। अधिकारियों का मानना है कि ग्रीन पार्क पर घरेलू मैचों की मेजबानी खिलाड़ियों को परिचित माहौल का फायदा देगी, क्योंकि यही मैदान टीम का नियमित अभ्यास स्थल भी है।

यूपी ने वर्ष 2006 में रणजी ट्रॉफी अपने नाम की थी।

यूपीसीए टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने लगातार तीन मैचों की मेजबानी दिए जाने पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “ग्रीन पार्क सिर्फ स्टेडियम नहीं है, यह हमारी क्रिकेट धरोहर है। यहां लगातार मैच मिलते रहेंगे तो इसकी चमक बनी रहेगी और पूरी दुनिया में इसका नाम रोशन होगा।”

रणजी ट्रॉफी में यूपी टीम का कार्यक्रम

  • यूपी बनाम आंध्र प्रदेश – 15 अक्टूबर, ग्रीन पार्क (कानपुर)
  • यूपी बनाम उड़ीसा – 25 अक्टूबर, ग्रीन पार्क (कानपुर)
  • बड़ौदा बनाम यूपी – 1 नवम्बर, वडोदरा
  • यूपी बनाम नागालैंड – 8 नवम्बर, ग्रीन पार्क (कानपुर)
  • तमिलनाडु बनाम यूपी – 16 नवम्बर, कोयम्बटूर
  • यूपी बनाम झारखंड – 22 जनवरी, मेरठ
  • विदर्भ बनाम यूपी – 29 जनवरी, नागपुर

Also Read: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में ‘आई लव मोहम्मद’ रंगोली पर बवाल, पुलिस ने भांजी लाठी, कई लोग हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.