Kanpur News: वार्ड में झगड़े से भड़के हैलट प्राचार्य, बोले– अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
Kanpur News: कानपुर के हैलट अस्पताल में शनिवार को वार्ड नंबर 13 में हंगामा हो गया। मरीज से मिलने आए लोगों और ड्यूटी पर मौजूद नर्स व महिला सिपाही के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि धक्का-मुक्की हो गई। मामला बिगड़ने पर जब पीड़ित पक्ष ने चौकी में तहरीर देने की कोशिश की, तो पुलिस ने तहरीर लेने से इनकार कर दिया। इससे अस्पताल प्रशासन भड़क गया।
प्राचार्य डॉ. संजय काला ने मौके पर पहुंचकर जब पुलिस से इस मामले में बातचीत की, तो उनकी पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है।
नर्स और महिला सिपाही से भिड़े आगंतुक
वार्ड-13 के बेड नंबर 21 पर भर्ती मरीज रामप्रकाश मिश्रा से मिलने आए कुछ लोग अस्पताल के नियमों का उल्लंघन करते हुए अंदर पहुंच गए। ड्यूटी पर तैनात नर्स ने उन्हें रोका तो बहस शुरू हो गई। इसी दौरान एक महिला सिपाही ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद धक्का-मुक्की में बदल गया।
सुरक्षा गार्ड पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद अस्पताल में मौजूद जूनियर डॉक्टरों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्ड समय पर मौजूद नहीं थे और स्थिति संभालने में नाकाम रहे। डॉक्टरों ने मांग की है कि लापरवाह सुरक्षा गार्ड को तत्काल नौकरी से हटाया जाए।
प्राचार्य ने दी सख्त चेतावनी
डॉ. संजय काला ने कहा कि अस्पताल में किसी तरह का अनुशासनहीन व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए ताकि मरीजों और कर्मचारियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Also Read: रूस-भारत व्यापार को लेकर रस्साकशी तेज, अमेरिका ने कर दिया ये बड़ा दावा

