Kanpur News: कानपुर में विपरीत दिशा में आ रहे ऑटो चालक ने ट्रैफिक सिपाही से की मारपीट, वर्दी फाड़ी
Kanpur News: शहर में ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों को आए दिन उपद्रवियों का सामना करना पड़ता है। ताजा मामला कल्याणपुर थानाक्षेत्र का है, जहां सोमवार को विपरीत दिशा से आ रहे एक ऑटो को रोकना ट्रैफिक सिपाही को भारी पड़ गया। चालक ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि सिपाही को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना कल्याणपुर इंद्रानगर मोड़ की है। यहां ट्रैफिक सिपाही संजय सोमवार को ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह से ट्रैफिक का दबाव ज्यादा होने की वजह से वे जाम खुलवाने में लगे थे। इसी दौरान एक ऑटो चालक विपरीत दिशा से इंद्रानगर मोड़ की ओर तेजी से आता दिखाई दिया। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए सिपाही ने उसे रोका तो चालक भड़क उठा।
सिपाही को सड़क पर गिरा दिया
आरोपी चालक ने पहले सिपाही से बहस की और फिर गाली-गलौज करने लगा। जब सिपाही ने विरोध किया तो उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। यही नहीं, उसने सिपाही को सड़क पर गिरा दिया और उसकी वर्दी तक फाड़ दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना को देखा लेकिन चालक वहां से भागने की कोशिश करने लगा।

मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा
पीड़ित सिपाही ने तुरंत मामले की जानकारी कल्याणपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और कुछ ही देर में आरोपी चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय, निवासी राजकीय उन्नयन बस्ती बताया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर अजय मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देरी की बात पर कहासुनी हुई
कानपुर में ऑटो चालकों की बढ़ती अराजकता कम होने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार की सुबह शहर में दो मामले प्रकाश में आए—एक ट्रैफिक सिपाही के साथ और दूसरा कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मदेव चौराहे के पास की। सुबह लखनऊ की ट्रेन पकड़ने की जल्दी में समय से निकले एक युवक का ऑटो चालक से विवाद हो गया। देरी की बात पर कहासुनी हुई तो चालक मारपीट और गाली-गलौज करने लगा। राह चलते लोगों के हस्तक्षेप करने के बावजूद चालक जबरन रुपये लेकर चला गया। पीड़ित युवक ने ऑटो की फोटो खींचकर हमारे साथ साझा की और बताया कि चालक ने गंतव्य तक छोड़ा भी नहीं, लेकिन किराया पूरा ले लिया। हालांकि पीड़ित ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है। दोनों घटनाएं यह बताने के लिए काफी हैं कि कानपुर में किस प्रकार ऑटो चालक बेलगाम हो गए हैं। वे यात्रियों से मनमाना किराया वसूलकर उन्हें गंतव्य तक नहीं पहुंचाते और विरोध करने पर मारपीट तक करने से नहीं चूकते।
Also Read: ‘अखिलेश के PDA का गुब्बारा फूट चुका है’, योगी के मंत्री का सपा पर तीखा वार

