Kanpur News: ऑनलाइन ठगी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क ध्वस्त, 50 करोड़ का घोटाला; मास्टरमाइंड गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिविल लाइन इलाके में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड पुलकित द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का अनुमान है कि इस गिरोह ने अब तक 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की है।
कैसे करते थे ठगी?
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह ‘ग्लोबल ट्रेडप्लाजा’ के नाम से एक फर्जी कॉल सेंटर चलाता था। इस सेंटर में 150 से ज्यादा कर्मचारी काम करते थे। ग्राहकों को उनके सामान पर ऊंची बोली लगने का लालच दिया जाता था और जब वे पैसे भेज देते थे, तो उनसे सारा संपर्क तोड़ दिया जाता था। ठगी के बाद फोन नंबर भी तुरंत बंद कर दिए जाते थे। यह नेटवर्क सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं था, बल्कि थाईलैंड, अमेरिका और खाड़ी देशों तक फैला हुआ था।
पत्नी फरार, 4.30 करोड़ रुपये सीज
डीसीपी क्राइम कासिम आबिदी ने बताया कि पुलिस ने पुलकित द्विवेदी के कई बैंक खातों में जमा 4.30 करोड़ रुपये सीज कर दिए हैं। इसके अलावा, कॉल सेंटर से 65 से ज्यादा कंप्यूटर, 50 मोबाइल फोन और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इस मामले में पुलकित की पत्नी वर्तिका और उसका साथी सत्यकाम साहू अभी फरार हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस ने अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को भी जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: किश्तवाड़ में बादल फटने से तबाही, 38 लोगों की मौत; 100 से ज्यादा घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

