Kanpur News: दीपावली से पहले जयपुरिया क्रॉसिंग ओवरब्रिज होगा जनता के लिए तैयार
Kanpur News: जयपुरिया क्रॉसिंग नंबर–43 पर बन रहे रेल ओवरब्रिज का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुँच गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने साइट का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली से पहले पुल का लोकार्पण कर जनता के लिए खोल दिया जाए।
ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी
करीब 992 मीटर लंबा यह ओवरब्रिज सर्किट हाउस से पनचक्की चौराहे तक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। पुल बनने के बाद रोज़ाना लगभग डेढ़ लाख लोगों को लंबी कतारों और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। अभी तक फाटक बंद होने पर स्कूली बसें, दफ्तर जाने वाले और एंबुलेंस तक लंबा इंतज़ार करती थीं।

जनता के लिए खोला जा सके
राजकीय सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि मुख्य ढांचा रेलवे विभाग द्वारा तैयार किया जा चुका है और एप्रोच मार्ग का निर्माण भी 30 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि शेष कार्य जल्द पूरा किया जाए ताकि पुल समय पर जनता के लिए खोला जा सके। स्थानीय लोगों ने इस परियोजना पर खुशी व्यक्त की और कहा कि वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या अब समाप्त होगी।

पुल खुलने के बाद माल रोड और आसपास की कॉलोनियों तक आवागमन पहले से कहीं अधिक सुगम हो जाएगा। यह ओवरब्रिज कानपुर के ट्रैफिक प्रबंधन के लिए एक बड़ा बदलाव साबित होगा और जयपुरिया क्रॉसिंग पर प्रतिदिन होने वाले लंबे इंतजार को समाप्त करेगा।
Also Read: एसएससी भर्ती घोटाले में पार्थ चटर्जी को मिली जमानत, जेल से रिहाई मुश्किल

