Kanpur News: अवैध प्लॉटिंग करने वालों में केडीए की दहशत, फिर चला अभियान

मैनावती मार्ग–बिठूर क्षेत्र में गरजा बुलडोजर

Sandesh Wahak Digital Desk/Chetan Gupta: अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्यांल के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने मंगलवार को ध्वस्तीकरण और सीलिंग की व्यापक कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को साफ संदेश दिया।

विशेष कार्याधिकारी व उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में मटका चौराहे से जंगल वाटर पार्क मोड़, भगवान बुद्ध आश्रम के पीछे विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। सोनू यादव व अन्य द्वारा बिना प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराए प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान वहां बनाई गई सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर और प्रवेश द्वार समेत समस्त संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई लगभग चार बीघे क्षेत्र में की गई।

मैनावती मार्ग–बिठूर क्षेत्र में गरजा बुलडोजर

इसी क्रम में सिंहपुर कछार क्षेत्र में सिंहपुर चौराहे से सब्जी मंडी की ओर, प्रेमपुर के आगे स्थित निर्माण को भी सील कर दिया गया। यह परिसर अभिषेक कटियार, सुशील कटियार व अन्य के नाम दर्ज है, जहां बिना कानपुर विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराया गया था। सीलिंग की कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत की गई।

कार्रवाई के समय अवर अभियंता श्रवण कुमार, हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज, राज कुमार, लाल सिंह तथा थाना बिठूर का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Kanpur News: अवैध प्लॉटिंग करने वालों में केडीए की दहशत, फिर चला अभियान
डॉ. रवि प्रताप सिंह, विशेष कार्याधिकारी/ उप जिलाधिकारी

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि कल्याणपुर और बिठूर थाना क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और निर्माण के कई मामले चिन्हित किए जा चुके हैं, जिन पर आगे भी निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि भूमि खरीदने से पहले प्राधिकरण से ले-आउट की स्थिति और भवन निर्माण से पूर्व मानचित्र स्वीकृति अवश्य सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की क्षति से बचा जा सके।

Also Read: सिद्धार्थनगर महोत्सव के लिए तैयार है ‘बुद्ध की धरती’, कल पहुंचेंगे सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.