Kanpur News: सांसद भाई पर जमीन कब्जाने की कोशिश का आरोप, डीएम से पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

Kanpur News: जनपद में भाजपा नेताओं के बीच आपसी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। अब मामला जमीन कब्जे से जुड़ा सामने आया है। एसडीएम न्यायिक औरैया की कोर्ट में तैनात अर्दली रामचंद्र तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसको लेकर जिलाधिकारी कपिल सिंह से न्याय की गुहार लगाई है।

रामचंद्र का कहना है कि नगर पंचायत अध्यक्ष कंचौसी, जो सांसद भोले मिश्र के भाई हैं, उनकी जमीन खाली कराने का दबाव बना रहे हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह पिछले तीन महीने से डीएम कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह परिवार के साथ आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।

न्यायालय में पहले भी दाखिल हुआ था वाद

रामचंद्र ने बताया कि उनकी जमीन गाटा संख्या 202, रकबा 0.0100 हेक्टेयर, ग्राम रानेपुर में है। पहले भी इस पर कब्जे की कोशिश हुई थी, जिसके खिलाफ उनके पिता ने न्यायालय में वाद दाखिल किया था। 15 नवंबर 2021 को न्यायालय ने उनके पक्ष में आदेश दिया था कि जमीन पर कोई हस्तक्षेप न किया जाए। पीड़ित का आरोप है कि नगर पंचायत के गठन के बाद से उनकी जमीन को कब्जाने और प्लाटिंग करने की फिराक चल रही है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू इस पर दबाव बना रहे हैं। डीएम कपिल सिंह ने बताया कि शिकायत उनके पास आई है। मामले की जांच कराई जाएगी, उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष का पक्ष

नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा, “जिस जमीन की बात की जा रही है, वह राजस्व अभिलेखों में खेल मैदान के रूप में दर्ज है। यहां ओपन जिम बनाया जाना है। सरकारी जमीन पर सरकारी काम ही कराया जा रहा है।”  इस दौरान भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी (किदवई नगर) भी डीएम कार्यालय में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि रामचंद्र की शिकायत सुनी गई है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। पूरा मामला फिलहाल डीएम जांच में है।

Also Read: भारत में अमेरिकी राजदूत होंगे सर्जियो गोर, ट्रंप ने की घोषणा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.