Kanpur News: नगर आयुक्त ने कान्हा गोशाला का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
Kanpur News: शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने गुरुवार को कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, नालियों की सफाई और कान्हा गोशाला की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। गैस्ट्रो लीवर हॉस्पिटल के पास अपार्टमेंट्स में निरीक्षण के दौरान कूड़ा कलेक्शन का कार्य सही पाया गया।
डस्टबिन रखने के निर्देश दिए
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि हर घर से रोजाना कूड़ा उठाया जाए और कहीं भी लापरवाही न हो। कलश चौराहे पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली, जिस पर नगर आयुक्त ने खुशी जताई। शिव कटरा क्षेत्र में नालियों की सफाई व्यवस्थित मिली और दुकानों के सामने डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।

वहीं, लक्ष्मीपुरवा सब्ज़ी मंडी में सफाई व्यवस्था बेहतर मिली और सभी ठेलों पर डस्टबिन भी मौजूद थे। डिप्टी पड़ाव चौराहा से लेकर चंद्रिका देवी मंदिर होते हुए भन्नाना पूर्व तक की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। यहां प्रत्येक बीट पर कर्मचारी मौजूद पाए गए और पूरे क्षेत्र में सफाई संतोषजनक रही।

कान्हा गोशाला का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने कान्हा गोशाला का भी दौरा किया और कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोशाला के बाहर उगी बड़ी घास की कटाई नियमित हो और फेंसिंग की जाए। गोवंश को पर्याप्त छाया देने के लिए शेड बढ़ाने, अधूरी दीवारों पर पेंटिंग कराने और वृक्षारोपण करने के निर्देश भी दिए।
चारे की आपूर्ति और गड्ढों की मरम्मत पर भी खास जोर दिया गया ताकि पशुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने साफ कहा कि स्वच्छता व्यवस्था और गोशालाओं से जुड़े सभी कार्य तय मानकों और समय पर पूरे होने चाहिए, ताकि शहरवासियों और गोवंश दोनों को सुविधा मिल सके।
Also Read: सिद्धार्थनगर में पूर्व माध्यमिक शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, शिक्षक संघ ने सरकार से की ये अपील

