Kanpur News: कानपुर में CETP निर्माण में लापरवाही, कार्यदायी कंपनी पर ₹40 करोड़ का जुर्माना
Kanpur News: कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में 20 एमएलडी कॉमन इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) के निर्माण में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई की है। डीएम ने कार्यदायी कंपनी वेटेक वबाग पर ₹40 करोड़ का जुर्माना लगाया है और जाजमऊ टेनरी इफ्लुएंट ट्रीटमेंट एसोसिएशन (जेटेटा) के सचिव को कंपनी से तत्काल यह राशि वसूलने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई करने के निर्देश दिए
मंगलवार देर रात डीएम ने जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी ढिलाई से कोई काम नहीं किया जाता और आपने तो सारी सीमाएं पार कर दी हैं। बैठक में कंपनी के सीईओ शैलेश कुमार और प्रोजेक्ट मैनेजर देव आनंद की गैरमौजूदगी पर भी नाराजगी जताई गई। डीएम ने जेटेटा सचिव को दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपयोग किया जा सकेगा
यह परियोजना अक्टूबर 2024 तक पूरी होनी थी, लेकिन एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी अब तक सिर्फ 90% काम ही हो पाया है। इस परियोजना की लागत लगभग ₹600 करोड़ है, जिसे केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। प्लांट से निकलने वाला ट्रीटेड पानी सिंचाई और अन्य कार्यों में उपयोग किया जा सकेगा।
कड़ी कार्रवाई की जाएगी
डीएम ने निर्माण में देरी और मानकों के पालन न करने को गंभीर चूक मानते हुए कहा कि यह गंगा सफाई मिशन के लक्ष्यों के विपरीत है। इसके साथ ही, रैमकी कंपनी को भी नोटिस जारी किया गया है, क्योंकि जून से उन्होंने स्लज (गंदगी) उठाने का कार्य नहीं किया है। डीएम ने कंपनी के अधिकारियों से कारण बताने को कहा है और चेतावनी दी है कि यदि सुधार नहीं हुआ तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गंगा संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Also Read: सीएम योगी ने किया हर घर तिरंगा अभियान का नेतृत्व, भारत माता के जयघोष से गूंजी लखनऊ की सड़कें

