Kanpur News: पुलिस ने मेधावी छात्रों को दी छात्रवृत्ति, परिवारों में खुशी की लहर
Kanpur News: उत्तर प्रदेश पुलिस शिक्षा निधि के अंतर्गत पुलिस विभाग के कर्मियों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए दी जाने वाली “मेधावी छात्रवृत्ति योजना” के तहत इस वर्ष भी योग्य विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस योजना के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2024-25 में पुलिस विभाग के गैर-राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उन बच्चों को छात्रवृत्ति दी गई है, जो किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से व्यावसायिक पाठ्यक्रमों जैसे मेडिकल, इंजीनियरिंग, बिजनेस मैनेजमेंट, लॉ कॉलेज या विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं।
मेधावियों को पुलिस आयुक्त ने दिया चेक।
पूर्व में इन छात्रवृत्तियों के चेक या बैंक ड्राफ्ट पुलिस महानिदेशक कार्यालय, लखनऊ से वितरित किए जाते थे। हालांकि अपरिहार्य कारणों से इस बार कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय स्तर पर आयोजित नहीं किया जा सका। इसके बावजूद, कानपुर नगर में इस महत्वपूर्ण योजना को जारी रखते हुए पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने मेधावी छात्रों के अभिभावकों को स्वयं चेक प्रदान किए।
माता-पिता ने उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह योजना न केवल छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है, बल्कि पुलिस परिवारों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूती देती है। इस अवसर पर छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले छात्रों और उनके माता-पिता ने उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस सहायता से उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलेगा। गौरतलब है कि पुलिस विभाग अपने कर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा में प्रोत्साहन देने के लिए लगातार इस योजना का संचालन कर रहा है। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बना रहता है और वे बेहतर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाते हैं।
150 से अधिक मेधावी को इस वर्ष छात्रवृत्ति मिली।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कानपुर में करीब 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को इस वर्ष छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिनमें मेडिकल, इंजीनियरिंग, प्रबंधन और कानून की पढ़ाई कर रहे युवा शामिल हैं। पुलिस आयुक्त ने सभी बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि वे समाज की सेवा में अपनी भूमिका निभाएंगे।
Also Read: मतदाता सूची में गड़बड़ी पर तेजस्वी यादव बोले- सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

