Kanpur News: बारावफात से पहले पुलिस की समीक्षा बैठक, पुलिस और नागरिक मिलकर बनाएंगे सुरक्षित माहौल

Kanpur News: आगामी बारावफात त्यौहार को देखते हुए कानपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय सभागार में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था आशुतोष कुमार की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना रहा। बैठक में डीसीपी पूर्वी, पश्चिम, दक्षिण, सेंट्रल, ट्रैफिक, नगर आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए सम्भ्रांत नागरिक और शांति समिति के सदस्य भी बैठक का हिस्सा बने।

भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल

संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने कहा कि बारावफात जैसे धार्मिक अवसर पर भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश सबसे अहम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। हर थाने को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, चौकसी रखने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यातायात व्यवस्था पर भी खास चर्चा हुई। ट्रैफिक पुलिस को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि जुलूसों और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान मार्गों पर कहीं भी जाम की स्थिति न बने।

इसके लिए वैकल्पिक रूट प्लान और यातायात डायवर्जन तैयार करने पर जोर दिया गया। शांति समिति के सदस्यों और नागरिक प्रतिनिधियों ने भी बैठक में अपने सुझाव दिए। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि त्योहार की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन और आम जनता को मिलकर काम करना होगा। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि स्थिति बिगड़ने से पहले ही उस पर नियंत्रण पाया जा सके।

सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दें

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि बारावफात त्यौहार को भाईचारे और आपसी प्रेम का प्रतीक बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस बल को निर्देशित किया कि सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दें और आम जनता के बीच विश्वास कायम करें। बैठक के अंत में तय किया गया कि आने वाले दिनों में पुलिस और शांति समिति मिलकर शहरभर में भ्रमण करेगी, ताकि त्योहार के दिन किसी तरह की अप्रिय घटना न हो और लोग सुरक्षित माहौल में धार्मिक उत्सव मना सकें।

Also Read: Basti News: 11 महीने बाद भी नहीं हुई ग्राम पंचायत में हुए भ्रष्टाचार की जाँच, प्रशासन पर उठे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.