Kanpur News: रिटायर्ड कर्मी से 14 लाख की ठगी, पनकी पुलिस ने रियल एस्टेट कंपनी के एमडी को दबोचा
Kanpur News: कानपुर में प्लॉट दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पनकी पुलिस ने बीएसीएल रियल एस्टेट के एमडी बृजेंद्र सिंह चौहान समेत उसके तीन साथियों विष्णु सिंह, जितेंद्र सिंह और हिमांशु दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात ऑपरेशन महाकाल के तहत की गई।
वादे के बावजूद प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं
मामला पनकी सी ब्लॉक निवासी और पनकी पावर हाउस से रिटायर्ड रमाकांत मिश्रा (73) से जुड़ा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कंचन दीक्षित ने 31 दिसंबर 2020 को बृजेंद्र सिंह से 405 गज का प्लॉट खरीदा था। इसके एवज में एक जनवरी 2021 को 10 लाख रुपये और बाद में चार लाख रुपये और दिए। लेकिन आरोप है कि वादे के बावजूद प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं की गई और टरकाया जाता रहा।
“प्लॉट भूल जाओ, नहीं तो जान से हाथ धो बैठोगे।”
रमाकांत मिश्रा के मुताबिक, कई बार दबाव बनाने के बाद सिर्फ नौ लाख रुपये वापस किए गए। शेष रकम और प्लॉट की मांग करने पर आरोपियों ने उन्हें धमकाया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बृजेंद्र सिंह और उसके साथियों ने कहा— “प्लॉट भूल जाओ, नहीं तो जान से हाथ धो बैठोगे।”
डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Also Read: जासूसी कैमरे से महिलाओं के वीडियो बनाता था पायलट, 74 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिले

