Kanpur News: 12 बैंकों के 68 खातों से ढाई साल में निकाले गए 1600 करोड़ नकद
कानपुर में 24 लाख की लूट से हवाला कारोबार बेनकाब, हुई मुठभेड़, छह आरोपियों को भेजा जेल
Sandesh Wahak Digital Desk/Manish Srivastava: कानपुर के श्यामनगर में सिर्फ 24 लाख की लूट ने हवाला का ऐसा सिंडिकेट बेनकाब कर दिया। जिसके बाद पुलिस अफसर और एजेंसियों के होश उड़ गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
12 बैंकों के 68 बैंक खातों से ढाई साल में 1600 करोड़ रुपये नकद निकाले गए हैं। इतना कैश क्यों निकाला गया यह एक बड़ा प्रश्न है। हवाला, टैक्स चोरी या राष्ट्र विरोधी गतिविधि ? कुछ भी हो सकता है। मामले की गहराई से जांच कर सच सामने लाने के लिए कानपुर पुलिस ने आयकर, ईडी और अन्य एजेंसियों को पत्र भेजकर मदद मांगी। शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर ने इस माले में बड़ा खुलासा किया। पुलिस सवालों के घेरे में आए टेनरी संचालक की तलाश में जुट गई है। कई जिलों में खुली 11 फर्मों के नाम पर खुले खातों से धन आने की बात सामने आ रही है।
दरअसल पुलिस ने गुरुवार देर रात लूट के आरोपी बेकनगंज के मो. यासीन और मुजाहिद को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, जबकि कुछ देर बाद मूलगंज के अब्दुल रहमान चमनगंज के लारेब सिध्दिकी, बेकनगंज के सुभान खान व मो. जीशान के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया सच
सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। चकेरी में 16 फरवरी की रात को मो. वासिद और अरशद को बाइक सवारों ने तमंचे के बल पर हमलाकर रुपये लूट लिए थे। वारदात श्यामनगर पुलिस चौकी के नजदीक हुई। बाइक चालक ने खुद के साथ वारदात से इंकार कर दिया था। आठ दिन बाद ही वासिद ने तहरीर दे दी। पुलिस और साइबर क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। सीसीटीवी की फुटेज में बाइक सवारों से लूट हुई थी।
साइबर सेल, स्वॉट और चकेरी पुलिस ने जांच की, जिसके आधार पर मो. यासीन और मुजाहिद को गुरुवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। जबकि कुछ घंटे बाद अब्दुल रहमान, लारेब सिद्द्की, सुभान खान, मो. जीशान को दबोच लिया गया। अब्दुल रहमान और सुभान खान ने बाइक सवार वासिद व अरशद की रेकी की थी।
इस मामले में पुलिस ने 26 फरवरी की रात 8:55 जे मूलगंज मिश्री बाजार निवासी अब्दुल रहमान, हीरामन का पुरवा निवासी शुभान खान, चमनगंज निवासी लारेब सिद्दीकी और हीरामन का पुरवा निवासी मो. जीशान को गिरफ्तार किया। इनकी निशांदेही पर हीरामन का पुरवा निवासी यासीन और मुजाहिद की अहिरवां 80 फीट रोड पर घेराबंदी की गई। मुठभेड़ के दौरान गुरुवार देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को देखते ही दोनों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी थी।
ईडी, आयकर व जीएसटी को पत्र भेजा : सीपी
कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि लूट की घटना के बावजूद पीड़ित तहरीर नहीं दे रहा था। हमें शक हुआ कि इसके पीछे जरूर कुछ बड़ा है। जांच हुई तो 12 बैंकों के 68 एकाउंट से पिछले ढाई साल में 1600 करोड़ रुपये नकद निकाले जाने की जानकारी मिली। मामला आर्थिक अपराध से जुड़ा है। हमने ईडी, आयकर और जीएसटी को पत्र भेजकर पूरी जानकारी दे दी है। बहरहाल तथ्यों से मनी लांड्रिंग और हवाला से जुड़ा मामला लग रहा है।
लूट की रिपोर्ट न लिखाने पर गहराया शक
दोनों युवक घटना से पहले बिरहाना रोड के आईडीबीआई बैंक में गए थे, वहां से रुपये लेकर जाजमऊ की ओर जा रहे थे। लूट की रिपोर्ट न लिखाने पर पुलिस को शक हुआ। सवाल किए गए, वासिद ने कहा कि वह जाजमऊ निवासी टेनरी संचालक महफूज के घर जा रहे थे। पीड़ित ने बैंक से 24 लाख निकालने की जानकारी दी थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई थी। जांच में सामने आया कि उस दिन महफूज के खाते से 3.20 करोड़ रुपये निकले थे। इतनी अधिक राशि निकलने की बात सामने आने पर लुटेरों के साथ पीड़ितों और खाता संचालक के खिलाफ शक की सुई घूमी।
Also Read: ‘शाम 7 बजे सब खत्म हो जाएगा’, कानपुर सेंट्रल को फिर बम की धमकी से मचा हड़कंप

