Kanpur News: बैठक में सतीश महाना ने अफसरों को लगाई फटकार, बोले- इनको जीटी रोड पर ले जाओ
Kanpur News: विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अफसरों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जीटी रोड पर इतने बड़े गड्ढे हैं कि चलना मुश्किल हो गया है। महाना ने पीडब्ल्यूडी अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 10 दिन में सड़कें दुरुस्त नहीं हुईं तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान जब अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने काम जल्द पूरा होने की बात कही तो महाना ने डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह से कहा, “इनको जीटी रोड पर ले जाकर खड़ा करो, तब पता चलेगा कि सड़क है या गड्ढा।”

30 अक्तूबर तक अल्टीमेटम
महाना ने कहा कि पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कें 30 अक्तूबर तक न बनीं तो एक नवंबर को जिलाधिकारी जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि काम करते समय बोर्ड तक नहीं लगाए जाते।

विधायकों की नाराजगी
बैठक में विधायक नीलिमा कटियार ने भी खोदी गई सड़कों को समय पर न बनाने पर नाराजगी जताई। वहीं, घाटमपुर विधायक सरोज कुरील और बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत बनी सड़कों की खराब हालत पर सवाल उठाए। इस पर अध्यक्ष ने जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

दिसंबर से शुरू होगा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे
बैठक में एनएचएआई अधिकारियों ने जानकारी दी कि कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का पहला पैकेज पूरा हो चुका है और दूसरा पैकेज दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। विद्युतीकरण का काम अक्तूबर तक खत्म होगा। महाना ने डोमनपुर गढ़ेवा पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
Also Read: आजम खान 23 महीने बाद जेल से रिहा, दो बार में काटनी पड़ी 50 महीने की सजा

