Kanpur News: छात्रों से भरी स्कूल बस पलटी, पिता-पुत्र की मौत, कई बच्चे घायल
Kanpur News: कानपुर के भीतरगांव इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस बाइक से टकराकर पानी भरी खंती में पलट गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, गोपालपुर गांव निवासी राजू निगम (25) अपने पिता सुरेश निगम (59) और बहन प्रियंका (20) के साथ साढ़ की ओर जा रहे थे। तभी मिथिलेश सिंह शिवमंगल सिंह इंटर कॉलेज की डग्गामार बस सामने से आकर बाइक को कुचलते हुए अनियंत्रित हो गई और पानी भरी खंती में जा गिरी।
बस में करीब 40 छात्र-छात्राएं सवार थे। बस के पलटते ही अंदर पानी भर गया और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बस के शीशे तोड़े और फंसे बच्चों को बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

शव रखकर लगाया जाम
घटना में पिता-पुत्र की मौत से गांव में कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों के शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला।
हादसे में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे भीतरगांव सीएचसी में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

