Kanpur News: इस्पात नगर में सड़क, सीवर और लाइट सुधार के लिए अलग-अलग डीपीआर तैयार होगी

Kanpur News: कानपुर के इस्पात नगर की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। क्षेत्र में जर्जर सड़कों की मरम्मत, सीवर लाइन बिछाने और नई स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निगम ने जलकल, मार्गप्रकाश और पीडब्ल्यूडी को अलग-अलग डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शासन से स्वीकृति लेकर जल्द कार्य शुरू किया जा सके।

पीडब्ल्यूडी को डीपीआर बनाने का निर्देश

हाल ही में उद्योग बंधु की बैठक में आधारभूत संरचना सुधार के लिए 12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ था। इसके बाद फीटा के साथ बैठक में जिलाधिकारी जेपी सिंह ने पीडब्ल्यूडी को डीपीआर बनाने का निर्देश दिया। चूंकि सड़क, सीवर और लाइट का कार्य अलग-अलग विभागों के अंतर्गत आता है, इसलिए नगर निगम जोन-5 के अधिशाषी अभियंता कमलेश पटेल को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दुर्घटनाओं की आशंका जताई

पिछले दिनों अपर नगर आयुक्त, उपायुक्त उद्योग और मुख्य अभियंता ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था, जिसमें सड़कों की हालत बेहद खराब पाई गई। बरसात में जलभराव और गड्ढों के कारण आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका जताई गई। व्यापार और औद्योगिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

रात में घना अंधेरा रहता है

इसके अलावा, स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात में घना अंधेरा रहता है, जिससे श्रमिकों, उद्यमियों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी होती है। घटनाओं की आशंका को देखते हुए नई लाइट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जलनिकासी के अभाव में बरसात के दौरान गंभीर जलभराव की स्थिति बन जाती है, क्योंकि अब तक सीवर लाइन बिछाई ही नहीं गई है। नई डीपीआर में सीवर लाइन डालने और जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रस्तावों के स्वीकृत होते ही इस्पात नगर में सड़क, सीवर और लाइट की स्थिति में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा, जिससे उद्योग और व्यापार के साथ स्थानीय निवासियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

Also Read: गाजा पर पूरा नियंत्रण लेगा इजरायल, लेकिन शासन नहीं करेगा: नेतन्याहू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.