Kanpur News: झूठी अफवाह फैलाने वाले सात आरोपी गिरफ्तार
Kanpur News: शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों पर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। चकेरी थाना क्षेत्र से सात लोगों को झूठी अफवाह फैलाने और गुंडागर्दी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, उन्हें सलोनिक नगर, कृष्णा नगर और दाराबंगला इलाकों में कुछ लोगों के बीच झगड़े और चोरी की झूठी अफवाह फैलाने की सूचना मिली थी, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा हो रहा था।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया
सूचना मिलते ही, चकेरी पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिवकुमार अग्रहरि, रामनाथ, अखिलेश गुप्ता, पुष्कर वर्मा, संजय गुप्ता, अमित सिंह और अमित चतुर्वेदी को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पूर्वी), अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) और सहायक पुलिस आयुक्त (चकेरी) के निर्देशन में की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक पवन शर्मा, सुलेचन यादव, चंद्र प्रकाश मिश्रा, लोचन, सत्येन्द्र सिंह, प्रिंस कुमार और संदीप देशवाल समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने यह भी कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और निगरानी जारी रहेगी।
Also Read: मैक्रों सरकार के खिलाफ फ्रांस में सड़कों पर उतरे लोग, बजट कटौती का कर रहे विरोध

