Kanpur News: कानपुर सेंट्रल पर आठ किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Kanpur News: कानपुर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए सेंट्रल स्टेशन पर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से कुल 8 किलो 207 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
आरपीएफ प्रभारी एमएस पाटीदार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन चतुर्वेदी (26) के रूप में हुई है, जो मैनपुरी जिले के करहल का निवासी है। गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ की टीम ने सेंट्रल स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान हैरिशगंज के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक संदिग्ध युवक को देखा गया, जिसके पास दो बड़े बैग थे।
शक होने पर आरपीएफ टीम ने उसे रोका और तलाशी ली। जांच में दोनों बैगों में गांजे के कई पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 8 किलो 207 ग्राम निकला। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहां बरामद गांजे का वजन और कीमत का आकलन किया गया। पाटीदार के अनुसार, बरामद गांजे की बाजार में कीमत करीब 1.5 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस गांजे को ट्रेन के जरिए दूसरे शहर ले जाने वाला था, जहां इसे स्थानीय तस्करों को सप्लाई किया जाना था। आरपीएफ ने मामले की सूचना जीआरपी और नारकोटिक्स विभाग को भी दी है, ताकि तस्करी के इस नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह कब से इस अवैध धंधे में शामिल है और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है।
आरपीएफ का कहना है कि रेलवे स्टेशनों के जरिए नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रैक के किनारों पर गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: Richest Indian Cricketers: कोहली-धोनी नहीं, बल्कि ये क्रिकेटर है सबसे ज्यादा अमीर
Get real time updates directly on you device, subscribe now.