Kanpur News: बाढ़ग्रस्त गांवों में समाजवादियों ने शुरू की ‘PDA रसोई’, प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील के लगभग दर्जनभर गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात इतने बिगड़ गए हैं कि कई घरों में पानी घुस चुका है और लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

पिछले तीन दिनों से ग्रामीण बाढ़ के कहर का सामना कर रहे हैं। घरों में रखा राशन और जरूरत का सामान खत्म होने लगा है। ऐसे समय में जहां प्रशासन से राहत कार्य की उम्मीद की जा रही थी, वहां समाजवादी पार्टी के नेता आगे आए हैं। उन्होंने बाढ़ग्रस्त इलाकों में ‘PDA रसोई’ शुरू कर दी है और गांव-गांव जाकर भंडारा आयोजित कर रहे हैं, जिसमें लोगों को गरम पूरी और सब्जी खिलाई जा रही है।

प्रशासन पर लगे ये गंभीर आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ आने के बावजूद न तो सरकार का कोई मंत्री यहां आया और न ही प्रशासनिक अधिकारी हालात का जायजा लेने पहुंचे। गांवों में गंदगी फैल गई है, बीमारी का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन अब तक कोई स्वास्थ्य टीम मौके पर नहीं पहुंची।

समाजवादी नेताओं का कहना है कि प्रशासन की ओर से सिर्फ ‘लइया और चना’ जैसी राहत सामग्री दी जा रही है, जो भूख मिटाने के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोग इतने संकट में हैं, तो प्रशासन को ज्यादा संवेदनशील होकर राहत और बचाव का काम नहीं करना चाहिए?

 

Also Read: भारी बारिश के चलते लखनऊ के सभी स्कूल आज बंद, बच्चों को भेजा गया वापस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.