Kanpur News: अवैध खनन व परिवहन पर सख्ती, अब ‘माइनमित्रा पोर्टल’ से घर बैठे मिलेगी मिट्टी खनन की सुविधा
Kanpur News: कानपुर में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार शाम सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस दौरान अवैध खनन को नियंत्रित करने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए। डीएम ने बताया कि अब किसानों और आम लोगों को निजी उपयोग के लिए मिट्टी खनन की सुविधा घर बैठे उपलब्ध होगी। इसके लिए माइनमित्रा पोर्टल (www.upminemitra.in) पर पंजीकरण करना होगा। किसान केवल मोबाइल से आवेदन कर सकते हैं और आवेदन सबमिट करते ही पंजीकरण प्रमाणपत्र मिल जाएगा।
उन्होंने बताया कि निजी भूमि से अधिकतम 100 घन मीटर तक मिट्टी की खुदाई निःशुल्क की जा सकती है। हालांकि यह केवल निजी उपयोग के लिए मान्य होगी और इसके लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य रहेगा। यह पंजीकरण प्रमाणपत्र ही परिवहन प्रपत्र माना जाएगा, जिसकी वैधता 15 दिन होगी।
चेक गेट और कमांड सेंटर बनेगा
खनन अधिकारी ने जानकारी दी कि झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनकी स्थित स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पास एक चेक गेट और कमांड सेंटर स्थापित किया जा रहा है। यहां से उपखनिज ले जाने वाले वाहनों की सख्त निगरानी होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यह व्यवस्था 30 सितंबर तक हर हाल में शुरू हो जाए।
अब तक की कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
- 6 जेसीबी और 7 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 17.75 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
- 204 वाहनों से 82.12 लाख रुपये की वसूली की गई।
- ऑनलाइन एम-चेक के जरिए 24 वाहनों से 10.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
- डीएम ने प्रवर्तन कार्यों को और तेज करने और ओवरलोडिंग पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
- हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और माइन टैग अनिवार्य
जिलाधिकारी ने साफ किया कि खनिज परिवहन करने वाले सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और आरएफआईडी युक्त माइन टैग होना जरूरी है। बिना माइन टैग वाले वाहनों का खनन पट्टा क्षेत्र या भंडारण स्थल पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम सदर अनुभव सिंह, एसडीएम नर्वल विवेक मिश्रा, एसडीएम बिल्हौर संजीव दीक्षित, एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: योगी सरकार का किसानों को आश्वासन, कृषि मंत्री बोले- खाद की कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

