Kanpur News: शताब्दी ट्रेवल्स में करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा, छापेमारी में जमा कराए 4.02 करोड़ रुपये

Kanpur News: राज्य कर विभाग की टीम ने फजलगंज स्थित समय शताब्दी ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड पर छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया है। जांच में करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई। छापेमारी के बाद ट्रेवल्स संचालक को 4.02 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में जमा कराने पड़े।

सूत्रों के मुताबिक कंपनी अघोषित दो व्यापारिक स्थलों से यात्रियों और माल का परिवहन कर रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि विभिन्न वित्तीय वर्षों में जीएसटीआर-3बी और जीएसटीआर-9 में दाखिल किए गए आंकड़े हकीकत से मेल नहीं खाते। इसमें करमुक्त आउटवर्ड सप्लाई में भारी अंतर पाया गया।

20 अफसरों की टीम ने की छापेमारी

एडीशनल कमिश्नर (ग्रेड-1) सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर एडीशनल कमिश्नर (ग्रेड-2 एसआईबी) ज्योति भौंत और ज्वाइंट कमिश्नर (एसआईबी) ज्ञान प्रकाश सिंह की अगुवाई में करीब 20 अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई की। मंगलवार से बुधवार सुबह तक चली इस छापेमारी में एजेंसी के तीन व्यापारिक स्थलों को खंगाला गया।

जांच के दौरान पता चला कि फर्म की ओर से पोर्टल पर घोषित रिकॉर्ड और मौके पर मिले दस्तावेजों में भारी अनियमितता थी। संदिग्ध पाए गए कई प्रपत्रों को विभाग ने सीज कर लिया है।

टैक्स क्रेडिट में भी गड़बड़ी

फर्म ने माना कि इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का रिवर्सल नियमानुसार नहीं किया गया। इस गड़बड़ी का खुलासा होते ही संचालक ने 4.02 करोड़ रुपये जमा करा दिए। राज्य कर विभाग ने संकेत दिया है कि अब अन्य बड़ी ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक कंपनियों पर भी जल्द कार्रवाई होगी।

छापेमारी में उपायुक्त (एसआईबी) अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त प्रभात कुमार चौधरी, दीपक सिंह, रज्जनलाल और गोपाल कृष्ण सारस्वत समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि टैक्स चोरी करने वालों पर विभाग अब और सख्ती बरतने जा रहा है।

Also Read: भारत में खरीदी गई टेस्ला की कार, महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री ने लिया मॉडल वाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.