Kanpur News: 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया
Kanpur News: नाना राव पार्क में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मंत्री राकेश सचान ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। राष्ट्रगान के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में राकेश सचान ने स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं के संघर्षों के कारण हमें आज़ादी का अनमोल उपहार मिला है। शहीदों के परिजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि आज उत्तर प्रदेश एक सशक्त और प्रगतिशील प्रदेश के रूप में उभर रहा है। कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का व्यापक नेटवर्क तैयार हो चुका है, 12 एयरपोर्ट विकसित होकर संचालित हैं। कानपुर से कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। कानपुर मेट्रो की सेवा प्रारंभ हो चुकी है और सीएसए से बर्रा तक दूसरी लाइन का काम तेजी से प्रगति पर है।

अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को लाभ मिला है
मंत्री ने आगे कहा कि पनकी पावर प्लांट की क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे बिजली आपूर्ति बेहतर हुई है। डिफेंस कॉरिडोर ने देश की सुरक्षा को मजबूत किया है और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर पैदा किए हैं। सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत बिना ब्याज और गारंटी के पाँच लाख रुपये तक का लोन दिया जा रहा है, जिससे अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को लाभ मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर है।

देश को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है
मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जैसे हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, वैसे ही देश को भी स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जब देश की रक्षा में हमारे वीर जवान सर्वोच्च बलिदान दे रहे हैं, तब हम सबको अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस पर ये स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन रहे
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों में हरिराम गुप्ता, सत्येंद्र सिन्हा, पवन मिश्रा, राजेंद्र अवस्थी, संजीव सचान, विष्णु गुप्ता, आशा मिश्रा, भारती निगम, शिवयोग निषाद, निशा मिश्रा, अशोक दीक्षित, ब्रजेश सैनी, भगवान दास, मीना सिंह और राजेंद्र शुक्ला को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, सीडीओ दीक्षा जैन, एडीएम सिटी राजेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी, एडीएम खाद्य एवं आपूर्ति आशुतोष दुबे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

