Kanpur News: श्रावण के चौथे सोमवार पर कांवड़ यात्रा को लेकर कानपुर में यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू
Kanpur News: श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार को भारी भीड़ और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने रविवार रात्रि 11 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था विशेष रूप से मध्यम और भारी वाहनों के लिए की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में कोई बाधा न आए और यातायात सुचारु बना रहे।
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, बिल्हौर की ओर से आने वाले भारी वाहन चौबेपुर से मंधना चौराहा नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को शिवली होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। मंधना चौराहा से कल्याणपुर क्रॉसिंग की ओर भी भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा और उन्हें बाएं गंगाबैराज होकर भेजा जाएगा।
इसी तरह, ब्लू वर्ल्ड तिराहे से बिठूर की ओर भारी वाहन नहीं जाएंगे और उन्हें गंगाबैराज की ओर मोड़ा जाएगा। गंगाबैराज से कर्बला चौराहा अथवा कंपनी बाग की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे और इन्हें मंधना या शुक्लागंज होकर गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। बीमा चौराहा से सिद्धनाथ घाट तक, शिवराजपुर से फतेहपुर चौरासी तक और यशकोठारी चौराहा से बिठूर कस्बा या सिंहपुर कल्याणपुर की ओर भी भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
पार्किंग व्यवस्था भी की गई व्यवस्थित
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। प्रमुख पार्किंग स्थल परमट मंदिर के पास बक्कल पार्किंग, टेफ्को मेन गेट से बक्कल पार्किंग तक सड़क की बाईं ओर, ग्रीन पार्क स्टेडियम के पीछे यूनियन बैंक तिराहे से DAV तिराहे तक के दोनों किनारे और ग्रीन पार्क चौराहा से शराबगद्दी तिराहे तक निर्धारित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त मंधना-बिठूर रोड पर जयंती पैलेस के सामने, कल्याणपुर-बिठूर रोड पर चुंगी चौराहे के सामने और चौबेपुर-बिठूर मार्ग पर स्थित खाली खेतों में भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
Also Read: लखनऊ से प्रयागराज जा रही रोडवेज बस की हुई टक्कर, चालक की मौत, 6 घायल

