Kanpur News: कानपुर में जाम ने ली एक और जान! घायल को ले जा रही पुलिस की गाड़ी फंसी, इलाज में देरी से मौत
Kanpur News: कानपुर का जानलेवा ट्रैफिक एक बार फिर सुर्खियों में है। कुछ दिन पहले ही जाम में फंसकर एक हार्ट पेशेंट महिला की मौत का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि सोमवार को ऐसी ही एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। इस बार तो हद हो गई, एक सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जा रही पुलिस की गाड़ी ही भीषण जाम में फंस गई, जिसके कारण समय पर इलाज न मिलने से उनकी मौत हो गई।
हैलेट पुल पर बुजुर्ग की गई जान
घटना संचेडी थाना क्षेत्र के भौंती हाईवे पर हुई। यहां एक तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क पार कर रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग रामदयाल को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। रामदयाल, कौशांबी जिले के लुटेही गांव के रहने वाले थे।हादसे के तुरंत बाद, पुलिस की पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) 1570 घायल बुजुर्ग को लेकर कानपुर के एलएलआर अस्पताल के लिए रवाना हुई।
लेकिन रास्ते में, मेडिकल कॉलेज पुल पर भारी बारिश के कारण भीषण जाम लग गया। पुलिस की गाड़ी जाम में फंस गई और बुजुर्ग की हालत लगातार बिगड़ती गई। काफी मशक्कत के बाद जब तक पुलिस उन्हें अस्पताल पहुंचा पाई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुछ दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना
यह पहली बार नहीं है जब कानपुर के जाम ने किसी की जान ली हो। कुछ दिन पहले, 15 अगस्त की शाम को भी एक दिल का दौरा पड़ने से परेशान महिला, बरखा गुप्ता, की कार जाम में फंस गई थी। फजलगंज फायर स्टेशन के पास मेट्रो निर्माण और ट्रकों की वजह से लगे जाम में करीब 20 मिनट तक फंसी रहने के कारण उनकी मौत हो गई थी।
उस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का दावा किया था, लेकिन यह ताजा घटना उस दावे पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
Also Read: Lucknow News: दिनदहाड़े ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, पैसों के लेनदेन में गई जान

