Kanpur News: सीटों पर वेंडरों का रखा सामान, यात्रियों को सफर करना पड़ा गैलरी और शौचालय में,विरोध पर धक्का-मुक्की
Kanpur News: सीमांचल एक्सप्रेस में शनिवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के जनरल कोच में सीटों पर वेंडरों ने खानपान का सामान रखकर कब्ज़ा जमा लिया, जिससे यात्रियों को गैलरी और शौचालय में बैठकर सफर करना पड़ा। विरोध करने पर वेंडर गाली-गलौज करने लगे और यात्रियों को धमकाने लगे।
12488 सीमांचल एक्सप्रेस आनंद विहार से जोगबनी जा रही थी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर जब संवाददाता की टीम ट्रेन में पहुंची, तो चौथे कोच की आधी बोगी पर वेंडिंग ठेकेदार का कब्ज़ा था। सीटों पर खानपान का सामान रखा था और गैलरी में पानी व पेय पदार्थों से भरा बड़ा ड्रम रखा गया था।

वेंडरों की दबंगई और आरपीएफ की चुप्पी
जब ठेकेदार से कारण पूछा गया तो उसने दबंगई से कहा कि उसके पास लाइसेंस है और वह जहां चाहे सामान रख सकता है। इस दौरान आरपीएफ के जवान भी वेंडरों का पक्ष लेते दिखे। यात्रियों का कहना है कि शिकायत करने पर भी जवान धमकी देते हैं कि ट्रेन से नीचे उतार देंगे।
यात्रियों की पीड़ा
पुरनिया (बिहार) के फुरकान ने बताया कि सीटों पर सामान होने की वजह से उन्हें शौचालय में बैठकर सफर करना पड़ा। वहीं, मधुपुरा (बिहार) के मोहम्मद सनवर ने कहा कि विरोध करने पर वेंडरों ने गाली-गलौज की और अंततः उन्हें शौचालय में बैठना पड़ा।

अन्य ट्रेनों में भी यही हाल
यात्रियों के मुताबिक विक्रमशिला, अमृत भारत एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, पूर्वा और मधुपुर हमसफर जैसी ट्रेनों में भी यही स्थिति रहती है। राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी एसी कोच की खाली सीटों पर वेंडर सामान रख देते हैं।
“ट्रेनों के कोच पर कब्ज़ा कर यात्रियों को परेशान करना गलत है। अगर ऐसी शिकायतें आती हैं तो कार्रवाई की जाएगी। इस पर जल्द ही अभियान भी चलाया जाएगा।”
हिमांशु शुक्ला ,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (प्रयागराज मंडल)
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने कहा, “किसी भी वेंडर को केवल नियमानुसार तय स्थान पर ही सामान रखने की अनुमति है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”
Also Read: आई लव मोहम्मद विवाद के बीच लखनऊ में लगे आई लव योगी आदित्यनाथ के पोस्टर

