Kanpur News: शातिर ठगों ने बैंक एटीएम बदलकर महिला से उड़ाए 1.46 लाख, पुलिस ने शुरू की जांच
Kanpur News: कल्याणपुर थाना क्षेत्र में ठगों ने महिला को मदद का बहाना बनाकर उसके एटीएम कार्ड से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता के मोबाइल पर लगातार बैंक से पैसे की निकासी के मैसेज आने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर की नई बस्ती निवासी राकेश कुमार की पत्नी विमला देवी शुक्रवार को अपने पति का एटीएम कार्ड लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ पर गई थीं। कई बार पासवर्ड डालने के बावजूद जब कैश नहीं निकला, तब वहां मौजूद दो अज्ञात युवक मदद करने के बहाने आगे आए। उन्होंने महिला से एटीएम कार्ड लिया और पासवर्ड डालवाया। कुछ देर बाद कार्ड वापस कर दिया गया।
विमला देवी को उस समय कुछ शक नहीं हुआ और वह घर लौट आईं। लेकिन थोड़ी देर बाद उनके पति के मोबाइल पर बैंक से लगातार मैसेज आने लगे। जांच में पता चला कि खाते से कुल 1.46 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में निकाल लिए गए थे। पीड़िता को समझ आया कि मदद के नाम पर आए शातिर ठगों ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर पासवर्ड याद कर लिया था।
घटना के बाद विमला देवी तुरंत थाने पहुंचीं और पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कल्याणपुर थाना प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ठगों की पहचान की जा सके।
Also Read: Lucknow News: सीएम योगी ने नशामुक्त भारत के लिए नमो युवा रन मैराथन का किया आगाज

