Kanpur News: दरोगा ने दहेज के केस में मांगी 90 हजार की घूस, ऑडियो वायरल होने पर पुलिस कमिश्नर ने किया सस्पेंड

Kanpur News: कानपुर पुलिस के एक दरोगा का घूस मांगते हुए ऑडियो वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला नरवल थाने का है, जहां तैनात दरोगा संदीप कुमार पर आरोप है कि उन्होंने एक केस को रफा-दफा करने और जांच को प्रभावित करने के लिए पीड़ित पक्ष से मोटी रकम की मांग की। मामला सामने आते ही पुलिस कमिश्नर ने दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।

मामले की शुरुआत नरवल के दीपापुर गांव की रहने वाली नेहा की शिकायत से हुई थी। नेहा ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था, जिसकी जांच दरोगा संदीप कुमार को मिली। आरोप है कि दरोगा जी ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय इसे कमाई का जरिया बना लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से 90 हजार रुपये की मांग की ताकि वह केस से कुछ नाम हटा सकें।

रिश्वत नहीं मिली तो 12 लोगों पर ठोक दी चार्जशीट

जब दरोगा की पैसों की भूख शांत नहीं हुई, तो उन्होंने अपनी पावर का गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात चल रही थी, लेकिन दरोगा ने जानबूझकर केस को उलझा दिया। उन्होंने एक महिला पुलिसकर्मी और आईटीबीपी (ITBP) के जवान समेत कुल 12 लोगों को आरोपी बनाते हुए चार्जशीट दाखिल कर दी।

सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो ने खोली पोल

दरोगा संदीप कुमार की किस्मत तब दगा दे गई जब रिश्वत मांगने वाली उनकी बातचीत का ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस ऑडियो में दरोगा जी की आवाज और उनकी डिमांड साफ सुनी जा सकती थी। पीड़ित नेहा के पति रोहित तिवारी ने हिम्मत दिखाते हुए डीसीपी पूर्वी से इस मामले की शिकायत की और सबूत पेश किए।

अब शुरू हुई विभागीय कार्रवाई

डीसीपी पूर्वी की जांच में दरोगा पर लगे आरोप सही पाए गए। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दरोगा संदीप कुमार को सस्पेंड करने के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

Also Read: जॉब सीकर नहीं रहा, बल्कि हमेशा जॉब क्रिएटर रहा है माहेश्वरी समाज: अमित शाह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.