Kanpur News: लकड़ी जलाने को लेकर हुई बहस में साथी गार्ड ने मार दी गोली, आरोपी फरार

Kanpur News: जिले के बिल्हौर इलाके में शनिवार की तड़के एक सनसनीखेज वारदात हुई। गदनपुर आहार गांव में बन रहे महर्षि महेश योगी कृषि विश्वविद्यालय के परिसर में एक सुरक्षा गार्ड ने अपने ही साथी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना सिर्फ इतनी सी बात पर शुरू हुई कि आरोपी ने मृतक द्वारा रखी गई लकड़ियों को जला दिया था।

पुलिस के मुताबिक, औरंगपुर सांभी गांव के रहने वाले 45 वर्षीय निर्मल सिंह चंदेल (नीरज) विश्वविद्यालय के निर्माण स्थल पर रात की ड्यूटी पर थे। उनके साथ अनिरुद्ध द्विवेदी नाम का दूसरा गार्ड भी तैनात था। ठंड से बचने के लिए रखी लकड़ियों को जब अनिरुद्ध ने जलाया, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों में हाथापाई होने लगी। इसी बीच, गुस्से में आपा खोकर अनिरुद्ध ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक निकाली और सीधे निर्मल के सीने पर फायर कर दिया। गोली लगते ही निर्मल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

फायरिंग की आवाज सुनकर जब वहां मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मी दौड़े और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने उन पर भी बंदूक तान दी। सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी अनिरुद्ध पास के घने जंगल की ओर भाग निकला। घायल निर्मल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हत्याकांड ने एक परिवार की कमर तोड़ दी है। मृतक निर्मल की पत्नी पिछले छह महीने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और बिस्तर पर हैं। घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य अब नहीं रहा, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। डीसीपी (पश्चिम) दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: Diabetes के मरीजों पर मंडरा रहा Heart Attack का खतरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.