कानपुर छात्र सुसाइड केस: पोस्टमार्टम हाउस पर भाजपा नेत्री का हंगामा, पुलिस को फटकारा
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर में एनआरआई सिटी की नौवीं मंजिल से गिरकर हुई 14 वर्षीय छात्र प्रखर त्रिवेदी की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पर उस समय भारी हंगामा हो गया, जब मृतक की मां और भाजपा नेत्री मामी ने पुलिस पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत और ‘सेटिंग’ करने का खुला आरोप लगाया।
पंचनामा बन गया विवाद की वजह
विवाद की मुख्य वजह ‘पंचायतनामा’ बना। छात्र की मां बोशकी त्रिवेदी और भाजपा महिला मोर्चा (दक्षिण) की अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी (मामी) का आरोप है कि वे सुबह से पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस का इंतजार कर रहे थे। सिपाही उन्हें थाने और पोस्टमार्टम हाउस के बीच चक्कर कटवाता रहा, लेकिन इस बीच उसने गुपचुप तरीके से प्रखर के पिता और अन्य परिजनों के पास जाकर उनके हस्ताक्षर करवा लिए।
भाजपा नेत्री अनीता त्रिपाठी ने मौके पर मौजूद सिपाही को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “वर्दी की कदर करते हैं, अपनी औकात में रहना। रात भर से हम लोग परेशान हैं और तुम वहां जाकर सेटिंग कर रहे हो।”
मां ने लगाया हत्या का आरोप
छात्र की मां बोशकी त्रिवेदी, जो पिछले चार साल से पति से अलग अपने मायके में रह रही थीं, ने नवाबगंज पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे प्रखर को नौवीं मंजिल से फेंका गया है। उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की सफाई और वर्तमान स्थिति
नवाबगंज थाना प्रभारी केशव तिवारी के अनुसार, मंगलवार शाम ट्यूशन टीचर की शिकायत पर दादी के डांटने के बाद छात्र ने नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। हालांकि, परिजनों के भारी हंगामे के बाद पुलिस ने पंचायतनामा में छात्र की मौत को ‘संदिग्ध’ दर्ज किया है और मां व नाना के भी हस्ताक्षर करवाए हैं। इसके बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
Also Read: यूपी के एक्सप्रेसवे पर अब नहीं दौड़ेगी तेज रफ्तार, यूपीडा ने घटाई स्पीड लिमिट, नया चार्ट जारी

