कानपुर में बनेगा प्रदेश का पहला कार्डिएक ट्रांसप्लांट सेंटर, मिलेगा जीवन बचाने का नया विकल्प
Kanpur News: प्रदेश का पहला एपेक्स कार्डिएक ट्रांसप्लांट सेंटर अब कानपुर के एलपीएस कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट में खुलेगा। इस सेंटर में हृदय के साथ-साथ लिवर और अन्य अंगों के प्रत्यारोपण की भी सुविधा उपलब्ध होगी। पांच चरणों में बनने वाले इस सेंटर का भवन 12 मंजिला होगा, जिसमें एयर एंबुलेंस के उतरने की सुविधा भी होगी।
पहले यह योजना आठ मंजिला भवन की थी, लेकिन अब रिवाइज्ड प्लान बनाकर शासन को भेजा गया है। परियोजना का बजट लगभग 300 करोड़ रुपये आंका गया है।
”यह सेंटर अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होगा और विश्व के श्रेष्ठ ट्रांसप्लांट सेंटरों की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षित स्टाफ और विशेषज्ञ पहले से मौजूद हैं।”
डॉ. राकेश कुमार वर्मा, निदेशक, कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट
जनजागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा
साथ ही, ब्रेन डेड रोगियों के अंगदान को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। डॉ. वर्मा ने कहा कि ब्रेन डेड मरीजों का हृदय, लिवर, फेफड़े और गुर्दे जरूरतमंदों को नया जीवन दे सकते हैं। इसके लिए जनजागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के न्यूरो साइंसेस विभाग प्रमुख प्रो. डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि हैलट अस्पताल में प्रतिदिन औसतन दो से तीन ब्रेन डेड मरीज आते हैं। इनमें ज्यादातर गंभीर ब्रेन इंजरी के रोगी होते हैं। यह संख्या इस बात का संकेत है कि अंगदान से बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीजों को लाभ पहुंचाया जा सकता है।
Also Read: पटना में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, पप्पू यादव बोले- बिहार की जनता बदलाव चाहती है

