कानपुर-उन्नाव में अवैध निर्माण पर केडीए का शिकंजा, 4 अप्रैल को अवैध प्लाटिंग पर चलेगा बुलडोजर
Kanpur News: कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अख्तियार किया है। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के कड़े निर्देशों पर, प्रवर्तन (जोन-1बी) की टीम ने मंगलवार को कानपुर-उन्नाव क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में चली इस मुहिम में करीब 950 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

बिना नक्शा पास कराए हो रहे थे निर्माण
प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई के दौरान नेहरू बाग गेट नंबर-3 मगरवारा, उन्नाव में मो. शाहबुद्दीन, मो. एहतिशाम और अन्य द्वारा लगभग 700 वर्गमीटर क्षेत्र में आरसीसी कॉलम पर किए जा रहे निर्माण को सील किया। वहीं, सिंहपुर बाजार के पीछे प्लॉट संख्या-183 के सामने जितेन्द्र सिंह और अन्य द्वारा करीब 250 वर्गमीटर में ग्राउंड समेत 4 तल का निर्माण भी प्राधिकरण की कार्रवाई की जद में आ गया। दोनों ही मामलों में बिना मानचित्र स्वीकृति (नक्शा पास कराए) के निर्माण कार्य धड़ल्ले से किए जा रहे थे। सील किए गए दोनों परिसरों को थाना बिठूर और उन्नाव पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

4 अप्रैल को अवैध प्लाटिंग पर चलेगा बुलडोजर
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्लागंज-उन्नाव क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और व्यावसायिक निर्माणों का गहन सर्वे कराया गया है, जिसके आधार पर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27 व 28 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम गंभीरपुर कछार में अवैध रूप से विकसित की जा रही पांच प्लाटिंग को चिन्हित किया गया है, जिन पर आगामी 4 अप्रैल को ध्वस्तीकरण (बुलडोजर चलाने) और सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित है। पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने पर नियमानुसार अभियान चलाया जाएगा।

केडीए की अपील, जांच-परखकर ही खरीदें प्लॉट
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे केवल केडीए से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें। प्लॉट खरीदने से पहले नक्शा और लेआउट की जांच अवश्य करें तथा प्राधिकरण से जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि भविष्य में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Also Read: तक्षक टॉरपीडो के ट्रायल से बढ़ेगी भारत की स्ट्राइक क्षमता, नौसेना की ताकत में बड़ा इजाफा

