कराची में गैस धमाके में ढही इमारत, 6 महिलाओं और 4 बच्चों समेत 16 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के कराची शहर में गुरुवार तड़के एक रिहायशी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। सोल्जर बाजार के गुल राणा कॉलोनी में हुए इस भयानक गैस सिलेंडर धमाके में अब तक 16 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है। मरने वालों में मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं, जो उस वक्त सहरी (रोजे की शुरुआत का भोजन) की तैयारी कर रहे थे।

स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 4:15 बजे हुआ। इमारत की पहली मंजिल पर गैस सिलेंडर लीक होने की वजह से इतना जोरदार धमाका हुआ कि पूरी बिल्डिंग का एक हिस्सा जमींदोज हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई।

सिंध रेस्क्यू 1122 और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं, लेकिन संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाके की वजह से राहत कार्य में काफी चुनौतियां आ रही हैं। हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि यह इमारत कानूनी तौर पर सही नहीं लग रही थी। अलग-अलग कमरों को जोड़कर एक ढांचा खड़ा कर दिया गया था, जिसने धमाके का दबाव झेलने के बजाय गिरना शुरू कर दिया। इस हादसे में आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुँचा है।

Also Read: भूकंप के झटके से हिला ईरान, 5.5 रही तीव्रता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.