बेलगावी में शुगर फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट से 6 मजदूरों की मौत, परिजनों में भारी आक्रोश

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक के बेलगावी जिले के बैलहोंगल तालुका में स्थित इनामदार शुगर फैक्ट्री गुरुवार को श्मशान में तब्दील हो गई। फैक्ट्री के बॉयलर में हुए अचानक विस्फोट में अब तक 6 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। शुरुआती जानकारी में तीन मौतों की बात सामने आई थी, लेकिन इलाज के दौरान तीन और घायल मजदूरों ने दम तोड़ दिया।

हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। उस वक्त फैक्ट्री के नंबर-1 कंपार्टमेंट में दीवार की मरम्मत और रखरखाव (मेंटेनेंस) का काम चल रहा था। तभी अचानक वाल्व फेल हो गया और बॉयलर से खौलता हुआ गर्म गुड़ का रस भारी दबाव के साथ बाहर निकला। पास ही काम कर रहे मजदूर इस खौलते रस की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।

मृतकों में अधिकतर युवा शामिल

इस हादसे ने कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं। मृतकों की पहचान अक्षय चोपाडे (45), दीपक मन्नोली (31), सुदर्शन बनोशी (25), भरतेश सरवाडे (27), गुरु तम्मनावर (26) और मंजुनाथ कजागार (28) के रूप में हुई है। मरने वालों में ज्यादातर 25 से 30 साल की उम्र के युवा थे।

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुख के साथ-साथ वहां भारी गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। परिजनों का आरोप है कि इतना बड़ा हादसा होने के घंटों बाद भी फैक्ट्री मालिकों विक्रम इनामदार, प्रभाकर कोरे और विजय मेटागुडी की तरफ से न तो कोई संवेदना जताई गई और न ही किसी मुआवजे का ऐलान हुआ है।

बेलगावी ग्रामीण एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लापरवाही के एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल फैक्ट्री में कामकाज रोक दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी या यह तकनीकी खराबी थी।

Also Read: ऋतुराज गायकवाड़ के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड के आस-पास भी नहीं ‘किंग कोहली’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.