कर्नाटक में सत्ता-संघर्ष का हल तलाशने की कोशिश: सीएम सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की मीटिंग आज

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रहे आंतरिक टकराव के बीच, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शनिवार सुबह सीएम आवास ‘कावेरी’ में एक हाई-प्रोफाइल ब्रेकफास्ट मीटिंग में आमने-सामने होंगे। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर हो रही इस मुलाकात पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका उद्देश्य राज्य में सत्ता-साझेदारी को लेकर बने गतिरोध को समाप्त करना है।

हाईकमान के निर्देश पर हो रही मुलाकात

यह बैठक सुबह 9:30 बजे निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को स्पष्ट किया था कि हाईकमान ने उन्हें और डीके शिवकुमार को साथ बैठकर अनौपचारिक बातचीत करने के लिए कहा है।

उन्होंने दोहराया कि वह पार्टी हाईकमान के किसी भी फैसले का पालन करेंगे और ‘2.5 साल के फॉर्मूले’ या किसी भी समझौते की बात को खारिज किया। उन्होंने शुक्रवार को ही मतभेदों को कम करने की कोशिश करते हुए कहा था कि यह सिर्फ एक ‘ब्रेकफास्ट मीटिंग’ है।

डीके शिवकुमार और उनके समर्थक विधायक लगातार यह दावा कर रहे हैं कि 2023 के चुनाव के बाद हाईकमान ने उन्हें अगले चरण में मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था। हाल ही में शिवकुमार समर्थक विधायकों का एक समूह दिल्ली भी पहुँचा, जिससे नेतृत्व परिवर्तन की मांग को लेकर दबाव बढ़ गया है।

गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि अगर हाईकमान चाहेगा तो वे शिवकुमार का समर्थन करेंगे, जबकि सिद्धारमैया खेमे के मंत्री जमीर अहमद खान ने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि सिद्धारमैया ही पूरा कार्यकाल मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

आंतरिक आकलन और जनाधार

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान नेतृत्व परिवर्तन के फायदे-नुकसान का आकलन कर रहा है। सिद्धारमैया को एससी, एसटी, मुस्लिम और बड़े ओबीसी वर्ग में बड़ा जनाधार वाला नेता माना जाता है। डीके शिवकुमार की ताकत संगठन और चुनाव प्रबंधन के उनके कौशल में है, जिसे कुछ नेता आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं।

इस बीच, कांग्रेस एमएलसी और मुख्यमंत्री के बेटे यथिंद्र सिद्धारमैया ने इस पूरे विवाद को ‘मीडिया की अटकलें’ बताते हुए कहा है कि नेतृत्व परिवर्तन को लेकर हाईकमान ने कोई निर्देश नहीं दिए हैं।

Also Read: रायबरेली में दबंग प्रधान की गुंडई: SIR सर्वेक्षण कर रहे महिला BLO और लेखपाल को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.