कासगंज: ट्रक में फंसा बाइक का हैंडल, 200 मीटर तक घिसटता रहा दंपती, मौके पर दोनों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से सोमवार सुबह एक ऐसी हृदयविदारक खबर आई, जिसे सुनकर राहगीरों की रूह कांप गई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक का हैंडल ट्रक में फंस गया और बेबस दंपती सड़क पर करीब 200 मीटर तक घिसटते चले गए। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बहन के घर जा रहे थे पति-पत्नी
मिली जानकारी के मुताबिक, सोरोंजी क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी महावीर सिंह (55 वर्ष) अपनी पत्नी रेखा देवी (54 वर्ष) के साथ सोमवार सुबह करीब 8 बजे बाइक पर सवार होकर अपनी बहन भूरी से मिलने गांव टीकरी जा रहे थे। अभी उनकी बाइक ढोलना थाना क्षेत्र के जखेरा गांव की पुलिया के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे का मंजर देख लोगों की निकल गई चीख
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। ट्रक चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिससे महावीर और रेखा देवी सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जब यह नजारा देखा तो उनकी चीख निकल गई। जब तक ट्रक रुका और लोग मदद के लिए दौड़े, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
छह बेटों के सिर से उठा माता-पिता का साया
महावीर सिंह पेशे से लोडर चलाने का काम करते थे और कड़ी मेहनत से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। इस हादसे ने उनके हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। महावीर और रेखा अपने पीछे छह बेटों राजकुमार, संतोष, बंटू, रवि, सुशील और बाबू को छोड़ गए हैं। माता-पिता की अचानक मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया और बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी ट्रक चालक और वाहन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Etah News: घर में घुसकर परिवार के चार लोगों का बेरहमी से कत्ल, फर्श पर बिछ गईं लाशें, इलाके में दहशत

