केसी त्यागी ने थामा RLD का हाथ, जयंत चौधरी की मौजूदगी में ली सदस्यता
Sandesh Wahak Digital Desk: इस वक्त की एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। वरिष्ठ नेता और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व कद्दावर चेहरे केसी त्यागी ने आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का दामन थाम लिया है। हाल ही में जेडीयू से इस्तीफा देने के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर कयासों का बाजार गर्म था, जिस पर अब विराम लग गया है।
केसी त्यागी ने आरएलडी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जयंत चौधरी ने उनका पार्टी में स्वागत किया। जेडीयू से इस्तीफा देते समय केसी त्यागी ने कहा था कि वह अपने भविष्य को लेकर जल्द ही फैसला लेंगे, और अब उन्होंने आरएलडी के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत का ऐलान कर दिया है।
नीतीश कुमार के प्रति सम्मान बरकरार
केसी त्यागी इससे पहले बिहार में सत्तारूढ़ जेडीयू के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे। उन्होंने पार्टी में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। हाल ही में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए जेडीयू से इस्तीफा दे दिया था। दिलचस्प बात यह है कि जेडीयू छोड़ते समय भी केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार के प्रति अपना व्यक्तिगत सम्मान बरकरार रखा। उन्होंने कहा था, लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान अब भी अपरिवर्तित है।
केसी त्यागी का पूरा नाम किशन चंद त्यागी है और उनका जन्म उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुआ था। वह 1970 के दशक से राजनीति में सक्रिय हैं और उनका राजनीतिक जीवन काफी लंबा और समृद्ध रहा है।
सांसद: वह 1989 में उत्तर प्रदेश के हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सांसद चुने गए थे।
राज्यसभा: साल 2013 में वह राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुए थे।
पार्टी पद: वह समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रहे। जेडीयू में उन्हें तीन बार राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई।
Also Read: टीम इंडिया की मेजबानी को बेताब बांग्लादेश, दांव पर वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन

