हाथ जोड़कर केजरीवाल की पीएम मोदी से अपील, E20 पर जिद छोड़ने को कहा

Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाने (E20) के फैसले का कड़ा विरोध किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर हर दिन झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि जनता को गुमराह किया जा रहा है। केजरीवाल ने हाथ जोड़कर अपील की कि सरकार अपनी जिद छोड़े और E20 की अनिवार्यता रोके।

ऑटो कंपनियों पर भी झूठ का आरोप

केजरीवाल ने बताया कि 3 जुलाई को केंद्र सरकार ने 6 ऑटोमोबाइल कंपनियों को बुलाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए E20 को सही बताने को कहा। इनमें से 3 कंपनियों ने मना कर दिया, जबकि 3 ने दावा किया कि E0, E5 या E10 गाड़ियों में भी E20 से नुकसान नहीं होगा। केजरीवाल का कहना है कि यही कंपनियां अपने ऑनर मैन्युअल में सिर्फ 10 प्रतिशत तक इथेनॉल की अनुमति देती हैं, और दिक्कत आने पर उसे भी न इस्तेमाल करने की सलाह लिखती हैं।

केजरीवाल ने सवाल उठाया कि अगर E20 से माइलेज 10 फीसदी से ज्यादा गिरता है या गाड़ी खराब होती है, तो हर्जाना कौन देगा। उन्होंने कहा कि वे इन कंपनियों को चिट्ठी लिखकर लिखित गारंटी मांगेंगे। साथ ही वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखकर पूछेंगे कि नुकसान की जिम्मेदारी सरकार लेगी या कंपनियां।

खतरे में 30 करोड़ गाड़ियां

केजरीवाल ने कहा कि अमेरिका और जापान का उदाहरण देकर सरकार गलत तर्क दे रही है। उनकी जिद से देश की करीब 30 करोड़ गाड़ियां जोखिम में हैं। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल पंप पर E0, E10 और E20 तीनों विकल्प अलग-अलग कीमत पर उपलब्ध हों, ताकि जनता अपनी मर्जी से ईंधन चुन सके।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.