‘भगवंत मान को हटाकर पंजाब के CM बनना चाहते हैं केजरीवाल’, BJP नेता ने किया बड़ा दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी हार का सामना करना पड़ा है। चुनावी नतीजों के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया है। वे मंगलवार को कपूरथला हाउस में पंजाब के AAP विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
इस बैठक को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और दिल्ली के राजौरी गार्डन से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि केजरीवाल भगवंत मान को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाने की योजना बना रहे हैं।
सिरसा का केजरीवाल पर बड़ा आरोप
बीजेपी विधायक सिरसा ने कहा कि चुनावी हार के बाद केजरीवाल अब पंजाब के विधायकों से मुलाकात कर रहे हैं, क्योंकि वह खुद पंजाब के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने विधायकों से यह कहलवा रहे हैं कि वह (केजरीवाल) एक ‘अच्छे आदमी’ हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। इसके अलावा, सिरसा ने दिल्ली और पंजाब में AAP सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल महिलाओं को 1000 रुपये देने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहे हैं। पंजाब में बढ़ती नशाखोरी को रोकने में भी असफल रहे हैं। राज्य की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।
हालांकि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से अब तक इस दावे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, पंजाब के विधायकों के साथ होने वाली इस बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।
Also Read: Pariksha Pe Charcha 2025: PM मोदी ने छात्रों को दी आत्मविश्वास और संतुलन की सीख,…

