‘बिहार पर विवादित पोस्ट’ को लेकर केरल कांग्रेस ने मानी गलती, सोशल मीडिया हेड ने दिया इस्तीफा
Sandesh Wahak Digital Desk: केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर बिहार को लेकर की गई अपनी एक विवादित पोस्ट को एक ‘बड़ी भूल’ मानते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हंगामा मच गया था, जिसके बाद पार्टी ने आनन-फानन में इसे हटा दिया। खबरों के मुताबिक, इस विवाद के बाद केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया हेड वीटी बालराम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने स्वीकार किया कि पोस्ट करने में गलती और लापरवाही हुई। उन्होंने एक टीवी चैनल से बात करते हुए बताया कि पार्टी की सोशल मीडिया टीम ने बिना सोचे-समझे यह टिप्पणी प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर डाल दी थी।
सनी जोसेफ ने कहा पोस्ट हटा दी गई है। सोशल मीडिया हैंडल के एडमिन और ऑपरेटर ने माफी मांगी है और पोस्ट को भी हटा लिया गया है। कांग्रेस इस तरह के विचारों का समर्थन नहीं करती। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने पूर्व विधायक वीटी बालराम से चर्चा की थी, जो केपीसीसी के डिजिटल मीडिया सेल के प्रभारी हैं।
इस घटना के बाद, पार्टी की सोशल मीडिया रणनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं, और यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी आगे क्या कदम उठाती है।
Also Read: अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- एक्सप्रेसवे पर टोल और चालान से हो रही कमाई

