कांग्रेस से निष्कासित विधायक राहुल ममकूटथिल रेप और धमकाने के आरोप में गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: पलक्कड़ से विधायक और यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात करीब 1 बजे पुलिस ने उन्हें पलक्कड़ के एक होटल से हिरासत में लिया। उन पर एक प्रवासी भारतीय (NRI) महिला ने शादी का झांसा देकर बलात्कार करने और डराने-धमकाने का ताजा आरोप लगाया है।
विधायक के खिलाफ यह तीसरा मामला तब दर्ज हुआ जब कनाडा में रह रही एक महिला ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया। महिला का आरोप है कि ममकूटथिल ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हुई, तो विधायक ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और गर्भपात के लिए धमकाया। इतना ही नहीं, विधायक पर महिला से बार-बार पैसे ऐंठने का भी आरोप है।
राहुल ममकूटथिल के खिलाफ अब कुल तीन केस हो चुके हैं, जिनकी जांच जी. पूंगुझाली के नेतृत्व वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही है।
पहला मामला: मुख्यमंत्री को मिली शिकायत के बाद दर्ज हुआ था, जिसमें एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई थी।
दूसरा मामला: एक 23 वर्षीय युवती ने उन्हें “यौन शिकारी” (Sexual Predator) बताते हुए शोषण के आरोप लगाए थे।
तीसरा मामला: वर्तमान में दर्ज हुआ ताजा केस, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई।
कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला, पार्टी से किया निष्कासित
जैसे ही आरोपों की गंभीरता बढ़ी, कांग्रेस ने डैमेज कंट्रोल करते हुए राहुल ममकूटथिल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ ने साफ किया कि पार्टी ऐसे आचरण को बर्दाश्त नहीं करेगी। हालांकि, विधायक पद से इस्तीफे को लेकर पार्टी ने इसे राहुल का निजी फैसला बताया है, जिस पर बीजेपी और सीपीआई(एम) ने कड़ी आपत्ति जताई है।
Also Read: पीएम मोदी ने सोमनाथ में शौर्य यात्रा में लिया हिस्सा, कहा- हजार साल बाद भी ये ध्वजा बोल रही है

