विवाह के पवित्र बंधन को समर्पित है ‘केसरी वीर’ का नया गीत केसरी बंधन
मुंबई: जैसे-जैसे फिल्म ‘केसरी वीर: लेजेंड्स ऑफ सोमनाथ’ की रिलीज की तारीख नज़दीक आ रही है, मेकर्स ने इसका एक भावनात्मक और आध्यात्मिक गीत ‘केसरी बंधन’ जारी किया है। यह गीत विवाह जैसे पवित्र रिश्ते को खूबसूरती से चित्रित करता है और श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ता है।
गाने में सूरज पंचोली और आकांक्षा शर्मा, जो फिल्म में वीर हमीरजी गोहिल और रजाल के किरदार निभा रहे हैं, शादी के बंधन में बंधते हुए नजर आते हैं। यह सिर्फ एक प्रेम कथा नहीं, बल्कि जीवनभर के साथ का वादा भी है। गाने के दौरान अभिनेता सुनील शेट्टी की झलक भी दिखाई देती है, जो वेगड़ा जी के रूप में नजर आएंगे। यह गीत सोनू निगम की मधुर आवाज़ में गाया गया है, जिसकी रचना, बोल और संगीत संयोजन मोंटी शर्मा ने किया है। गाना पैनोरमा म्यूज़िक लेबल के तहत जारी हुआ है।
‘केसरी वीर’, एक ऐतिहासिक युद्ध प्रधान फिल्म है, जो 14वीं सदी के वीर योद्धाओं की गाथा को प्रस्तुत करती है। उन गुमनाम रणबांकुरों की कहानी जो सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए अपनी जान न्यौछावर कर देते हैं। फिल्म के ट्रेलर में सुनील शेट्टी एक निडर योद्धा वेगड़ा जी के रूप में नजर आते हैं, जबकि सूरज पंचोली वीर हमीरजी गोहिल की भूमिका में हैं। पहली बार पर्दे पर नजर आने वाली आकांक्षा शर्मा रजाल के दमदार किरदार को जीवंत करती हैं। तीनों मिलकर एक दुष्ट आक्रांता जफर (जिसकी भूमिका विवेक ओबेरॉय निभा रहे हैं) के खिलाफ खड़े होते हैं, जो जबरन धार्मिक परिवर्तन कराने की कोशिश करता है।
हमीरजी गोहिल के किरदार को निभाने के लिए सूरज पंचोली ने जबरदस्त मेहनत की है। उन्होंने तीरंदाजी, तलवारबाज़ी, घुड़सवारी और हाथ से लड़ने की प्राचीन तकनीकों में प्रशिक्षण लिया ताकि 14वीं सदी के योद्धा के किरदार को वास्तविकता के करीब लाया जा सके। प्रिंस धीमान द्वारा निर्देशित और कनु चौहान द्वारा चौहान स्टूडियोज के बैनर तले निर्मित यह फिल्म, पैनोरमा स्टूडियोज द्वारा वर्ल्डवाइड रिलीज़ की जा रही है। ‘केसरी वीर’ 23 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और इसमें वीरता, भावना और मनोरंजन का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। दर्शकों के लिए यह फिल्म एक ऐतिहासिक अनुभव बनने जा रही है।
Also Read: निया शर्मा ने अपनाया देसी अंदाज़, भैंस दुहते हुए वीडियो वायरल

