Kaushambi News: केशव मौर्य ने अखिलेश यादव पर किया कटाक्ष, बोले- SIR से डूब रही है विपक्ष की नैया

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को कौशाम्बी पहुँचे, जहाँ उन्होंने माँ शीतला अतिथि गृह में स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में सहयोग करने के निर्देश दिए और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों पर भी चर्चा की।

SIR लोकतंत्र के लिए महायज्ञ

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया का जोरदार समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, SIR से देश को एक बड़ी ताकत मिली है, उसको सही साबित करने का यह बहुत बड़ा लोकतांत्रिक महायज्ञ है। उन्होंने दावा किया कि कौशाम्बी का SIR में प्रदर्शन अच्छा है और यह प्रदेश के टॉप 5 जिलों में भी शामिल है।

फर्जी मतदाताओं की एंट्री अब नहीं

मौर्य ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि एसआईआर से विपक्ष बौखलाया हुआ है, क्योंकि उन्हें डर है कि उनकी नैया डूब रही है। उन्होंने कहा, अब तो कोई भी न तो बूथ को लूट कर के प्रदेश और देश को लूटने का कार्य कर पाएगा और न ही फर्जी मतदाताओं का नाम ही मतदाता सूची में रख पायेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि एसआईआर से अब न तो कोई फ़र्ज़ी मतदाता रहेगा और न ही डुप्लीकेट मतदाता सूची में शामिल हो पाएगा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी एसआईआर के कार्य को समर्थन देने की बात कही।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के इस आरोप पर कि भाजपा एसआईआर के जरिए आरक्षण समाप्त कर देगी, डिप्टी सीएम ने कहा कि यह अखिलेश यादव का लगातार दुष्प्रचार है, जिसकी सज़ा उन्हें और पूरे विपक्ष को लगातार मिल रही है। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 का उदाहरण देते हुए कहा कि तब भी विपक्ष ने दुष्प्रचार किया था कि भाजपा 400 सीटें पाएगी तो संविधान और आरक्षण खत्म कर देगी। मौर्य ने कहा, हम लोग आरक्षण के समर्थक हैं और संविधान के पुजारी हैं।

Also Read: दक्षिण अफ्रीका ODI सीरीज के बाद टी20 में वापसी करेंगे रोहित शर्मा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.