भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर केशव मौर्य बोले- PM मोदी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ रहा भारत का मान
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते (Trade Deal) को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस समझौते को भारत के लिए एक ‘बेहद सुखद समाचार’ करार दिया और कहा कि यह डील वैश्विक पटल पर भारत की बढ़ती ताकत का प्रमाण है।
पीएम मोदी के विजन की जीत
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काफी पहले ही इस ट्रेड डील को लेकर अपनी मंशा साफ कर दी थी। उन्होंने कहा ‘प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देश लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। जिस तरह से यह समझौता हुआ है, वह भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए बहुत बड़ी बात है। मैं इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को नमन करता हूं और सभी देशवासियों को बधाई देता हूं’।
क्या हैं समझौते की मुख्य बातें?
ट्रंप प्रशासन और मोदी सरकार के बीच हुए इस समझौते से कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
अमेरिका ने भारत पर लगे 25% अतिरिक्त टैरिफ को पूरी तरह हटा दिया है, जिससे भारतीय निर्यातकों को सीधा लाभ मिलेगा।
समझौते के बाद अमेरिकी मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम, फल, ड्राई फ्रूट्स और विदेशी शराब की कीमतों में कमी आएगी।
पशु चारे के आयात की राह आसान होने से भारत के डेयरी उद्योग और पशुपालकों को काफी मदद मिलेगी।
एक महत्वपूर्ण शर्त
गौरतलब है कि इस बड़ी व्यापारिक राहत के बदले अमेरिका ने एक शर्त भी रखी है, जिसके तहत भारत अब रूस से तेल का आयात नहीं करेगा। पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुए इस समझौते को लेकर जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों ने आर्थिक रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प दोहराया है।
उपमुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह डील भारतीय निर्यातकों के लिए दुनिया के सबसे बड़े बाजार के दरवाजे खोलेगी, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
Also Read: Lucknow News: UP STF ने 50 हजार के इनामी बिल्लू को हरियाणा से किया गिरफ्तार

